कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच सोमवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया आईपीएल 2026 का 12वां मैच बारिश के कारण 3.4 ओवर के खेल के बाद रद्द करना पड़ा जिससे दोनों टीम को एक-एक अंक मिला।
मैच रद्द होने के साथ मौजूदा सत्र में केकेआर के अंकों का खाता भी खुल गया। टीम को अपने शुरुआती दो मैच में हार का सामना करना पड़ा था जबकि तीसरे मैच में भी टीम दो विकेट पर 25 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी और अगर मैच शुरू होता तो यह पांच ओवर का ही हो पाता और टीम को सिर्फ आठ गेंद और खेलने को मिलती जिससे संभवत: उसकी स्थिति काफी कमजोर होती।
सेम वेन्यू, सेम टीम और अंक का बंटवारा
दूसरी तरफ अपने शुरुआती दो मैच जीतने वाली पंजाब की टीम तीन मैच में पांच अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। मैच को कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी में 3.4 ओवर के खेल के बाद हल्की बूंदाबांदी के कारण रोका गया जो बाद में बारिश तेज होने के कारण दोबारा शुरू नहीं हो पाया। संयोग से आईपीएल 2025 में भी ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच हुआ मैच (26 अप्रैल को) बारिश की वजह से प्रभावित हुआ था और दोनों टीम को एक-एक अंक बांटना पड़ा था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाले पंजाब किंग्स ने चार विकेट पर 201 रन बनाए थे जिसके बाद केकेआर ने जब बिना कोई विकेट खोए सात रन बनाए थे तो बारिश आ गई और मैच रद्द हो गया।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीता टॉस
मौजूदा सीजन में पहली जीत की तलाश में जुटी केकेआर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उन्हें शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा जब जेवियर बार्टलेट ने दूसरे ओवर में दो विकेट झटक लिए। बार्टलेट ने सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (06) और कैमरन ग्रीन (04) को तीन गेंद के भीतर आउट करके नाइट राइडर्स को दोहरा झटका दिया। दोनों ही बल्लेबाजों ने विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमाए। ग्रीन 25.20 करोड़ रुपये की कीमत के साथ सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हैं लेकिन उनका खराब प्रदर्शन जारी रहा। इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो रन बनाए थे।
कप्तान रहाणे और अंगकृष नाबाद
कोलकाता नाइट राइडर्स को अपने शुरुआती दो मैच में हार का सामना करना पड़ा था। बारिश के कारण जब खेल रोका गया तब कप्तान अजिंक्य रहाणे आठ जबकि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी सात रन बनाकर खेल रहे थे। मैच के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार और नाइट राइडर्स के सह मालिक शाहरुख खान भी दर्शकों के बीच मौजूद थे। वह इस सत्र में पहली बार मैच देखने आए थे। कोलकाता ने प्लेइंग इलेनव में दो बदलाव किए थे। केकेार ने बीमार सुनील नरेन और चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह रोवमैन पावेल और नवदीप सैनी को मौका दिया। पंजाब ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया।