सीनियर खिलाड़ियों की पत्नियों ने चुनी पाकिस्तान की टीम? चौंकाने वाला खुलासा

Ahmed Shehzad Pakistan Cricket Team Selection: पाकिस्तान क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है लेकिन क्या ऐसा भी हुआ, यकीन नहीं होता. पाकिस्तान के बल्लेबाज अहमद शहजाद ने दावा किया है कि सीनियर खिलाड़ियों की पत्नियों ने भी पाकिस्तानी टीम का सेलेक्शन किया है. पाकिस्तान के एंकर तबिश हाश्मी के शो पर अहमद शहजाद ने ये चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान क्रिकेट में भी एक समय ऐसा था जब खिलाड़ियों की पत्नियां टीम सेलेक्शन में दखल देती थीं. वो कहती थीं ये अच्छा लड़का है इसे टीम में चुन लो, इसे चुन लो क्योंकि वो अच्छे से बात करता है. इस खिलाड़ी को चुन लो क्योंकि इसने नाश्ते के समय हमें सलाम कहा था. हमने पाकिस्तान क्रिकेट में इस तरह की चीजें देखी हैं.’

निशाने पर है पाकिस्तान की टीम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नाकामी के बाद से पाकिस्तान की टीम निशाने पर है. टी20 वर्ल्ड कप में ये टीम सुपर 8 राउंड तक पहुंची और वहीं उसका पत्ता साफ हो गया. इसके बाद ये टीम बांग्लादेश दौरे पर गई, जहां पहले वनडे मैच में उसे 8 विकेट से हार मिली. पाकिस्तान की टीम पहले वनडे में सिर्फ 114 रनों पर ढेर हो गई और बांग्लादेश ने लक्ष्य 91 गेंदों में ही हासिल कर लिया. यही वजह है कि पाकिस्तानी टीम को लगातार ट्रोल किया जा रहा है.

मोहम्मद आमिर ने लिया आड़े हाथ

पाकिस्तान की टीम को बांग्लादेश से मिली शर्मनाक हार के बाद पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद आमिर ने उसे आड़े हाथों लिया है. मोहम्मद आमिर ने कहा कि जिस तरह से पाकिस्तान ने बांग्लादेश से मैच गंवाया है उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि आने वाले वक्त में पाकिस्तान की टीम एसोसिएट क्रिकेट नेशन ना बन जाए. पाकिस्तान की टीम अगर बांग्लादेश से वनडे सीरीज हार गई तो ये मुद्दा और बड़ा हो सकता है.