इससे पहले शाई होप (52) और शेरफेन रदरफोर्ड (56) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों के बदौलत वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की टी 20 मैचों की श्रृखंला के पहले मुकाबले में मंगलवार को भारत के खिलाफ 19.1 ओवर में 171 रन बनाये। अटल बिहारी इकाना स्टेडियम पर अपने पदार्पण मैच में हरियाणा के गेंदबाज नमन धीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुये 31 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके।
उन्होने अपने स्पेल के सिलसिलेवार तीन ओवरों में पिच पर खतरनाक नजर आ रहे वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (52) का विकेट झटक कर मेहमान टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया जबकि बाद में उन्होने रोमारियो शेफर्ड (7) और शमर स्प्रिंगर (9) को सस्ते में चलता कर मेहमान टीम की रनो की रफ्तार में लगाम कस दी। धीर की लय को बरकरार रखने में दूसरे छोर पर अनुभवी कुलदीप यादव (33 रन पर दो विकेट) का योगदान अहम रहा जिन्होने रोस्टन चेज (5) और मैथ्यू फोर्ड (2) के विकेट झटके।
मयंक यादव अपने शुरुआती स्पेल पर खर्चीले दिखे मगर बाद के दो ओवर में उन्होने खतरनाक रदरफोर्ड का विकेट चटका कर कप्तान और कोच के चेहरे पर मुस्कान ला दी। अर्शदीप ने अपने पदार्पण मैच खेल रहे कामिल पूरन (12) को आउट किया जबकि शिमरन हेटमेयर (5) रन चुराने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे जबकि अक्षर पटेल ने अपने इसी ओवर में तीर की तरह गेंद फेंक कर नये बल्लेबाज रोवमैन पोवेल (0) को क्लीन बोल्ड कर दिया।