भारत ने दोहा में चल रही शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में तीन नवंबर को दो मेडल जीते. पहले पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में भारत ने गोल्ड मेडल जीता. इसके बाद महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट का सिल्वर मेडल भी भारत के नाम रहा.
गोल्ड जीतने वाली पुरुष टीम में रविंदर सिंह, सौरभ चौधरी और अमनप्रीत सिंह शामिल थे. इस तिकड़ी ने कुल मिलाकर 1659 अंक हासिल किए. सौरभ लंबे समय बाद इंटरनेशनल स्तर पर वापसी कर रहे थे.
रविंदर ने इस इवेंट का व्यक्तिगत सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया था. हालांकि, यह इवेंट ओलंपिक में शुमार नहीं है. रविंदर भारत के सबसे अधिक अंक हासिल करने वाले खिलाड़ी रहे. उन्होंने कुल 559 अंक प्राप्त किए.
वहीं, सौरभ ने 551 अंक हासिल किए. अमनप्रीत ने सबसे कम 549 अंक हासिल किए. इस तरह भारतीय टीम ने कुल 1659 अंक हासिल किए. इस इवेंट का सिल्वर मेडल चीन के नाम रहा. झांग बिंगचेन, ल्यू जुनयी और फेंग लिनलांग ने कुल 1648 अंक हासिल कर सिल्वर मेडल जीता. ब्रॉन्ज मेडल साउथ कोरिया ने अपने नाम किया. होंग सुह्योन, चोए बोरम और सो सेउंग सेओब की टीम ने 1643 अंक हासिल किए.
महिला टीम के नाम सिल्वर
इंडीविजुअल इवेंट का गोल्ड मेडल रूस के एंटोन अरिस्तारखोव के नाम रहा. उन्होंने 561 अंक हासिल किए. रोमानिया के लुका जोल्डिया ने 558 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. मेंस 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ मखीजा टीम इवेंट में मेडल नहीं जीत सके.
इसके बाद, महिलाओं का इवेंट था. 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में इलावेनिल वलारिवान, सोनम उत्तम मस्कर और शांभवी श्रवण क्षीरसागर की तिकड़ी ने 1894.4 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. भारतीय टीम चीन (1899.8 अंक) से पीछे दूसरे स्थान पर रही. जापान (1892.6 अंक) से ब्रॉन्ज मेडल जीता. इलावेनिल 634.2 अंक से भारतीयों में बेस्ट रहीं. वहीं, सोनम ने 630.2 अंक और शांभवी ने 629.7 अंक जुटाए.