टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा टीम में रहें या टीम बस में या फिर ड्रेसिंग रूम में उनके हाजिर जवाबी का कोई तोड़ नहीं है। इन दिनो टीवी रियलटी शो कर रहे रोहित शर्मा ने एक बार फिर इसका सबूत देते हुए कुछ ऐसा कहा है जिसने आलोचकों की तो बोलती बंद की ही है, साथ ही ये भी बता दिया है कि हिटमैन बैट के अलावा अपनी हाजिर जवाबी से भी सवालों को बाउंड्री पार भेजने का दम रखते हैं।
उन्होंने अपने वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर हो रही चर्चा को भी खत्म कर दिया। दरअसल एक एपिसोड के दौरान रोहित शर्मा से एक सवाल किया गया। हिटमैन से पूछा गया कि अगर आप इमरजेंसी में हैं तो आप शुभमन गिल या श्रेयस अय्यर में किसे पहले फोन करेंगे।
रोहित ने इस सवाल के जवाब में दोनों का नाम लिया। रोहित ने हंसते हुए कहा कि दोनों अभी टीम इंडिया के कप्तान हैं। गिल तो मेरे कप्तान हैं और मैं वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलना चाहता हूं। यही कारण है कि मुझे गिल को खुश रखना होगा। 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बाद अगर मुझे टी20 में वापसी करनी है तो अय्यर को खुश रखना होगा। इसलिए मुझे दोनों को खुश रखना होगा।
रोहित के वनडे वर्ल्ड कप पर सस्पेंस
पिछले कुछ महीने से रोहित शर्मा के वनडे वर्ल्ड कप खेलने पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा की तरह इसका जवाब अपने बल्ले से दिया है। रोहित जल्द न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एकबार फिर वापसी करेंगे। फिलहाल टीम इंडिया न्यूजीलैंड दौरे पर है और श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 5 मैच की टी20 सीरीज खेल रही है। इसके बाद टीम इंडिया 5 मैच की वनडे सीरीज खेलेगी। वनडे सीरीज 4 नवंबर से 15 नवंबर के बीच खेली जाएगी। इसमें रोहित के साथ विराट भी वापसी करेंगे। विराट ने तो प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है।