शुभमन गिल को क्यों करना पड़ेगा टीम से बाहर बैठना? गौतम गंभीर ने दिया बड़ा संकेत

Gautam Gambhir On Gill: टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने संकेत दिया है कि न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को वनडे सीरीज के दौरान आराम दिया जा सकता है.

भारतीय टीम को इस दौरे पर पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं.

वनडे सीरीज खत्म होने के सिर्फ तीन दिन बाद टेस्ट सीरीज शुरू हो जाएगी. ऐसे में खिलाड़ियों को लाल गेंद के क्रिकेट की तैयारी का पर्याप्त समय देने के लिए गंभीर वनडे सीरीज के आखिरी कुछ मैचों से अहम खिलाड़ियों को बाहर रख सकते हैं. इस लिस्ट में कप्तान शुभमन गिल का नाम भी शामिल हो सकता है.

बड़ी बात बोल गए गौतम गंभीर

गौतम गंभीर ने जियोस्टार से बातचीत में कहा कि टेस्ट मैच की तैयारी के लिए कई बार बल्लेबाजों को सफेद गेंद के क्रिकेट से ब्रेक देना जरूरी हो जाता है. उन्होंने कहा कि टी20 से वनडे क्रिकेट में जाना आसान है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट की तैयारी के लिए अलग तरह का अभ्यास चाहिए.

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कई ऐसे खिलाड़ी खेलेंगे जो टेस्ट टीम का भी अहम हिस्सा हैं. इनमें कप्तान शुभमन गिल, विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल, ओपनर यशस्वी जायसवाल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के अलावा ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और नीतिश रेड्डी शामिल हैं. टेस्ट सीरीज की तैयारी को देखते हुए इन खिलाड़ियों को वनडे के आखिरी दो मैचों में आराम दिया जा सकता है.

टेस्ट क्रिकेट है सबसे अहम

गौतम गंभीर ने हॉटस्टार से बातचीत में टेस्ट क्रिकेट को टीम के लिए बेहद अहम बताया. उन्होंने कहा कि जब भी नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जाता है, तो उन्हें यह समझाया जाता है कि टेस्ट क्रिकेट कितना महत्वपूर्ण है. गंभीर के मुताबिक, जो देश मजबूत टेस्ट क्रिकेट खेलता है, उसका क्रिकेट भी मजबूत होता है. उन्होंने कहा कि लाल गेंद से क्रिकेट खेलना उनकी प्राथमिकता है.

हालांकि, गंभीर ने यह भी माना कि आने वाले समय में बहुत कम खिलाड़ी ऐसे होंगे जो तीनों फॉर्मेट में लगातार खेल पाएंगे. उनके मुताबिक खिलाड़ियों को लगातार रोटेट करना पड़ेगा और इसी वजह से टेस्ट, वनडे और टी20 में एक जैसी टीम उतारना मुश्किल होगा.

Leave a Comment