शराब पीना छोड़ा… IPL 2026 से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी का बड़ा खुलासा, ये है वजह

IPL 2026: आईपीएल 2026 की उलटी गिनती शुरू हो गई है, 28 मार्च से 19वें सीजन का आगाज होने जा रहा है. इस लीग में खिलाड़ियों के लिए प्रदर्शन करना सबसे बड़ी चुनौती माना जाता है. लगभग 2 महीने तक चलने वाली इस लीग में खिलाड़ियों को फॉर्म के साथ-साथ फिटनेस को भी बनाए रखना होता है. जिसके चलते भारत के एक खिलाड़ी ने बड़ा फैसला लिया है. इस खिलाड़ी ने शराब पीना छोड़ दिया है. वह अब अपनी टीम को चैंपियन बनाना चाहता है.

टीम इंडिया के खिलाड़ी का बड़ा खुलासा

भारत से स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने IPL 2026 से पहले बड़ा फैसला लिया है. युजवेंद्र चहल ने शराब पीना पूरी तरह छोड़ दिया है और अब फिटनेस पर खास फोकस कर रहे हैं. यह खुलासा उन्होंने पूर्व साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के यूट्यूब चैनल पर किया. आईपीएल में चहल पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं, जो पिछले सीजन फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से सिर्फ 6 रनों से हार गई थी.

युजवेंद्र चहल ने खुलासा करते हुए कहा, ‘मैंने शराब पीना छोड़ दिया है और छह महीने से ज्यादा हो गए हैं. अब मैं 35 साल का हो गया हूं, इसलिए मैं ज्यादा एक्टिव रहना चाहता हूं और अपनी टीम के लिए अपना 150% देना चाहता हूं. एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर, मैं चाहता हूं कि आईपीएल में लोग मुझसे कुछ सीखें.’ उनका कहना है कि अब बॉडी की देखभाल सबसे पहले करनी है, ताकि मैदान पर बेहतर योगदान दे सकें. वह IPL के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, लेकिन अभी तक आईपीएल का खिताब नहीं जीत सके हैं.

चोट के साथ खेला था आईपीएल 2025 फाइनल

युजवेंद्र चहल ने इस बातचीत के दौरान पिछले फाइनल की हार पर निराशा भी जताई. उन्होंने कहा कि फाइनल में हमें मार्को यानसन की कमी खली क्योंकि वो टीम में नहीं थे. अगर वो होते तो हम चैंपियनशिप जीत जाते. दरअसल, यानसन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की तैयारियों के लिए साउथ अफ्रीका की टीम में शामिल होने के लिए जल्दी रवाना हो गए थे. इसके अलावा उन्होंने बताया कि वह भी पूरी तरह फिट नहीं थे. चहल ने कहा, ‘मैं खुद से थोड़ा निराश था. केकेआर के खिलाफ मैच के बाद मेरी पसली में फ्रैक्चर हो गया था, और बाद में मेरी उंगली के जोड़ में भी चोट लग गई थी. इसलिए फाइनल में मैं अपनी सही लेग-स्पिन गेंदबाजी नहीं कर पाया था.’