वैभव सूर्यवंशी से दूर रहो…राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने ऐसा क्यों कह दिया?

IPL 2026 में एक बार फिर 14 साल के वैभव सूर्यवंशी पर नजरें रहने वाली हैं. वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल शानदार शतक और अर्धशतक लगाया था. उन्होंने 35 गेंदों में सेंचुरी लगाकर सनसनी मचा दी थी लेकिन अब अपने दूसरे सीजन में सूर्यवंशी क्या करेंगे ये एक बड़ा सवाल है. जाहिर तौर पर वैभव सूर्यवंशी पर इस बार दबाव होगा और ये बात राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग भी मानते हैं. रियान पराग ने इस बीच मीडिया से बातचीत में कहा कि मीडिया को सूर्यवंशी से दूर रहना चाहिए. इसकी उन्होंने खास वजह बताई.

वैभव सूर्यवंशी से दूर रहना क्यों जरूरी?

रियान पराग ने कहा, बतौर कप्तान मैं वैभव को यही संदेश दूंगा कि ज्यादा मीडिया से बातचीत ना करे. उसको बस इंजॉय करने दो. मैं आपके रिक्वेस्ट करूंगा कि उससे बात करने की कोशिश ना करे. 15 साल का बच्चा है, बहुत अच्छा खेल रहा है. देश का नाम रोशन करेगा.जो उसने पिछले साल किया उससे काफी ज्यादा प्रेशर जरूर होगा उसपर लेकिन उसे ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है. बतौर कप्तान मैं कहूंगा, जो भी प्रेशर लेना है वो जायसवाल कर लेगा. उसे कहूंगा तू जा, खेल और मार’

वैभव और पराग दोनों पर रहेंगी नजरें

वैभव सूर्यवंशी और रियान पराग दोनों इस सीजन लोगों की नजरों में रहेंगे. सूर्यवंशी ने पिछले सीजन 7 मैचों में 36 की औसत से 252 रन बनाए थे, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 206 से ज्यादा का रहा. अपने छोटे से आईपीएल करियर में सूर्यवंशी ने 24 छक्के मारे हैं. इस बार उनका लक्ष्य कम से कम 50 छक्के लगाना होगा जो अबतक कोई भारतीय खिलाड़ी नहीं कर पाया है.

दूसरी ओर राजस्थान के कप्तान रियान पराग पर भी नजरें रहेंगी. संजू सैमसन के टीम से जाने के बाद इस खिलाड़ी को कप्तान बनाया गया है. रियान पराग बतौर कप्तान क्या कमाल दिखाते हैं ये देखना दिलचस्प रहेगा. वैसे इस खिलाड़ी ने आईपीएल में 72 पारियों में 26 से ज्यादा की औसत से 1566 रन बनाए हैं, उनके बल्ले से 7 अर्धशतक भी निकले हैं.पिछले सीजन पराग ने एक अर्धशतक की मदद से 393 रन बनाए थे जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 160 से ज्यादा का रहा था.

IPL 2026 के लिए राजस्थान की टीम: यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, वैभव सूर्यवंशी, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, युद्धवीर सिंह चरक, क्वेना मफाका, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, शुभम दुबे, शिमरॉन हेटमायर, लुहान ड्रिप्रिटोरियस, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा और सैम करन, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, विग्नेश पुथुर, यश राज पुंजा, रवि सिंह, अमन राव, बृजेश शर्मा, कुलदीप सेन, एडम मिल्न.