भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दूसरे वनडे गुवाहाटी (30 सितंबर) और तीसरा मैच (3 अक्तूबर) मुल्लांपुर में आयोजित होगा।
वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का सिलेक्शन बुधवार यानी 16 सितंबर को होने की संभावना है। सिलेक्शन मीटिंग नई दिल्ली में भारत बनाम अफगानिस्तान दूसरे टी20 मैच के अगले दिन होगी। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर इस मैच को देखने के लिए मौजूद रहेंगे। अगरकर के कार्यकाल की यह आखिरी चयन बैठक हो सकती है। उनका कॉन्ट्रैक्ट चार अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। अगरकर अपना कॉन्ट्रैक्ट एक और साल के लिए बढ़ाने के पात्र हैं लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अब तक कोई फैसला नहीं किया है।
हार्दिक पांड्या की वापसी पर टिकी नजरें
आगामी वनडे सीरीज में हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर सभी की नजरें टिकी हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है। वह आईपीएल के दौरान चोटिल हुए थे और उसके बाद से पूरी तरह फिट नहीं हो पाए। सिलेक्टर्स के लिए वनडे टीम में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर चुनना मुश्किल हो सकता है जब तक कि हार्दिक को फिट घोषित नहीं कर दिया जाता। हालांकि, हार्दिक को इंडिया ए टीम में चुना गया है। पीटीआई की रिपोर्ट में बीसीसीआई ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया कि ऑलराउंडर के 20 सितंबर से प्रतिस्पर्धी सफेद गेंद क्रिकेट खेलने के लिए फिट होने की उम्मीद है। सूत्र ने कहा, ”सिलेक्टर्स ने हार्दिक को छह अक्टूबर से पुडुचेरी में होने वाले भारत ए के वनडे मैचों के लिए चुना है। वेस्टइंडीज सीरीज तीन अक्टूबर को समाप्त होगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक को वेस्टइंडीज वनडे के लिए चुना जाता है या नहीं।”
श्रेयस अय्यर की जगह किसे मिलेगा मौका?
कई रिजर्व खिलाड़ियों के चोटिल होने से भी चयन समिति के लिए टीम चुनने की प्रक्रिया मुश्किल हो रही है। खासकर ऑलराउंडरों के विकल्प फिलहाल सीमित हैं। इस समय चोटिल खिलाड़ियों की सूची में हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, मोहसिन खान, वेंकटेश अय्यर, हर्षित राणा और शाहबाज अहमद शामिल हैं। एशियन गेम्स 2026 की तारीखें वेस्टइंडीज वनडे सीरीज से टकरा रही हैं। ऐसे में वनडे टीम के नियमित उकप्तान श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं होंगे। वह भारतीय टी20 टीम के नियमित कप्तान हैं। श्रेयस तब जापान में टीम की अगुआई कर रहे होंगे। अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भारत का उपकप्तान बनाया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, श्रेयस की अनुपस्थिति में ऋतुराज गायकवाड़ के चुने जाने की संभावना है।