विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस में भारत पिछड़ा, राहुल द्रविड़ बोले- न्यूजीलैंड को उसके घर में हराना आसान नहीं

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का कहना है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने की दौड़ में भारत थोड़ा पीछे रह गया है। श्रीलंका के खिलाफ टीम का मौजूदा प्रदर्शन उत्साहजनक है, लेकिन आगामी सीरीज में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ना भारत के लिए आसान नहीं होगा।

फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद दो बार की फाइनलिस्ट भारतीय टीम को 2025-27 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अपने बचे हुए ज्यादातर मैच जीतने होंगे, तभी वह अपनी स्थिति बेहतर कर पाएगी। अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें अगले साल डब्ल्यूटीसी का फाइनल खेलेंगी। पांचवें स्थान पर मौजूद भारत को बांग्लादेश के बाद अक्टूबर 2026 में न्यूजीलैंड में दो टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है।

इसके बाद जनवरी 2027 से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे और पांच टी20 मैच की सीरीज भी खेलनी है। राहुल द्रविड़ ने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि वे (भारतीय टीम) ऐसा कर पाएंगे। अगर भारत यहां से WTC फाइनल के लिए क्वालिफाई करता है तो यह शानदार सफर होगा।”

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) में टीम के मालिक राहुल द्रविड़ ने ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए कहा, ”वे थोड़ा पीछे रह गए हैं, लेकिन भारतीय टीम में जिस तरह की क्वालिटी है, उसे देखते हुए आप किसी भी समय उन्हें खारिज नहीं कर सकते। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की है, इसलिए यह एक अच्छा संकेत है।”

भारत दो मैचों की सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ 1-0 से आगे है और दूसरे टेस्ट में भी मजबूत स्थिति में है। टीम इंडिया ने दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 500 से ज्यादा रन बनाए। राहुल द्रविड़ ने अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के बारे में बात करते हुए कहा कि दो टेस्ट मैचों में विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा जैसे संन्यास ले चुके अनुभवी खिलाड़ियों की कमी खलेगी।

राहुल द्रविड़ ने कहा, ”न्यूजीलैंड में खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसकी जमीन पर खेलना मुश्किल होता है। भारतीय टीम के कई युवा खिलाड़ियों ने उन परिस्थितियों में नहीं खेला है, इसलिए यह बड़ी चुनौती होगी।”

राहुल द्रविड़ ने कहा, ”उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में खिलाड़ी फिट रहेंगे और ज्यादा चोटों की सूचना नहीं आएंगी। हम विराट कोहली और रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा जैसे खिलाड़ियों के अनुभव को मिस कर रहे हैं, जो शायद पिछली बार भारत के न्यूजीलैंड दौरे के समय टीम में थे, इसलिए यह सीरीज भी दिलचस्प होगी।”

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने कहा कि जनवरी 2027 में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी भारत में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। राहुल द्रविड़ ने कहा, ”ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज बहुत रोमांचक होगी। उसके कई खिलाड़ी भारत में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। यह एक शानदार ऑस्ट्रेलियाई टीम है, लेकिन वह भारत में नहीं जीत पाई है, इसलिए वे ऐसा करने के लिए उत्सुक होंगे।”

वैभव सूर्यवंशी को लेकर धैर्य रखना होगा: राहुल द्रविड़

राहुल द्रविड़ ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी धैर्य रखने की सलाह दी। राहुल द्रविड़ ने कहा कि सबसे लंबे प्रारूप में खुद को साबित करने के लिए वैभव सूर्यवंशी को ‘कम से कम दो सीजन लाल गेंद वाली क्रिकेट’ खेलने की जरूरत होगी। राहुल द्रविड़ ने कहा, ”वैभव सूर्यवंशी के मामले में आपको धैर्य रखना होगा। वह केवल 15 साल का है। मैंने इस बच्चे को जितना देखा है, उससे मुझे पूरा भरोसा है कि अगर उसे घरेलू क्रिकेट खेलने और अभ्यास करने का मौका मिलता है और वह दो सीजन लाल गेंद क्रिकेट खेलता है तो टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाने में सक्षम होगा।”

वैभव के लिए प्लेइंग 11 में जगह बनाना मुश्किल: द्रविड़

राहुल द्रविड़ ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी के व्यस्त कार्यक्रम में घरेलू क्रिकेट के लिए समय निकालना चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि भारतीय टीम के लिए सफेद गेंद वाली क्रिकेट में उसकी जिम्मेदारियां काफी बढ़ जाएंगी। राहुल द्रविड़ ने कहा, ”पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों के बीच उसके लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना अलग और मुश्किल सवाल है।”

राहुल द्रविड़ ने कहा, ”वह दो पूरे सीजन घरेलू क्रिकेट खेल पाएगा या नहीं, यह भी तय नहीं है, क्योंकि वह भारत के लिए सफेद गेंद वाली क्रिकेट खेलने में काफी व्यस्त रहेगा, इसलिए कौशल के मामले में मुझे कोई समस्या नहीं दिखती, लेकिन कार्यक्रम की वजह से ऐसा कर पाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।”

‘जय जवान, जय किसान’: जुरेल ने शतक लगाने पर किया खास सेलिब्रेशन, कोलंबो में खेल के बाद खोला इस अंदाज का राज

भारतीय बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ बेहतरीन शतक जड़ा और 115 रन बनाकर नाबाद रहे। दूसरे दिन के खेल के बाद उनका सेलिब्रेशन और हाथ का टैटू काफी वायरल हुए। फिर जुरेल ने मीडिया के सामने अपने इस टैटू और उसके मैसेज व सेलिब्रेशन का राज खोला।

Leave a Comment