विराट कोहली ने PSL में खेल रहे इस खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा, IPL की 6 टीमों के खिलाफ बने नंबर 1

Virat Kohli, IPL 2026: विराट कोहली खेलें और कोई रिकॉर्ड ना टूटे, ऐसा कैसे हो सकता है? लेकिन, ये वाला रिकॉर्ड जरा खास है. विराट कोहली ने IPL 2026 के ओपनिंग मैच में उस खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा, जो फिलहाल PSL यानी पाकिस्तान सुपर लीग में खेल रहा है. हालांकि, जिसे विराट कोहली ने तोड़ा उस खिलाड़ी ने वो रिकॉर्ड अपने IPL खेलने के दिनों में ही बनाए थे. हम बात कर रहे हैं डेविड वॉर्नर की, जो फिलहाल PSL में कराची किंग्स के कप्तान हैं.

विराट ने वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा

डेविड वॉर्नर के नाम सफल रन चेज में IPL में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने का रिकॉर्ड था. विराट कोहली को वॉर्नर से ज्यादा इनिंग बेशक खेलनी पड़ी मगर उन्होंने अब उस मामले में वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है. डेविड वॉर्नर ने 79 इनिंग में 41 फिफ्टी प्लस स्कोर बनाए थे. वहीं विराट कोहली ने 126वीं पारी में 42 फिफ्टी प्लस स्कोर कर उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया.

IPL में 6 टीमों के खिलाफ नंबर 1 विराट

RCB और SRH के बीच खेले IPL 2026 के ओपनिंग मैच में विराट कोहली ने सिर्फ PSL में खेल रहे डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा बल्कि IPL की 6 टीमों के खिलाफ नंबर 1 भी बने. ये नंबर वन का तमगा उन्होंने IPL की उन 6 टीमों के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज कर हासिल किया. विराट कोहली की इस लिस्ट में सबसे लेटेस्ट नाम SRH की टीम का जुड़ा है.

SRH के खिलाफ बने नंबर 1

IPL 2026 के ओपनिंग मैच के दौरान विराट कोहली SRH के खिलाफ सबसे ज्यादा 874 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में संजू सैमसन के 867 रनों का रिकॉर्ड तोड़ा.

PBKS, CSK, DC के खिलाफ बने नंबर 1

IPL में पंजाब किंग्स के खिलाफ भी सबसे ज्यादा 1159 रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली ही हैं. उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी अपना दबदबा बनाए रखा है. कोहली ने CSK के खिलाफ 1146 रन बनाए हैं. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी विराट कोहली ही IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने इस टीम के खिलाफ 1130 रन बनाए हैं.

RR और GT के खिलाफ भी दबंगई बरकरार

IPL में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी विराट कोहली का ही जलवा है. इस टीम के खिलाफ उन्होंने अब तक 896 रन बनाए हैं. इसके अलावा गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी विराट कोहली के ही IPL में सबसे ज्यादा रन हैं. उन्होंने इस टीम के खिलाफ 351 रन बनाए हैं.