साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। पहला मुकाबला 9 विकेट से जीतने के बाद साउथ अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट में पारी और 219 रनों से जीत दर्ज की।
सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में आयोजित हुआ दूसरा मैच तीन दिन में समाप्त हो गया। सेंचुरियन टेस्ट में ऑलराउंडर वियान मुल्डर ने बांग्लादेश का कचूमर निकाला। उन्हें बैट और बॉल से दमदार प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड हासिल किया। मुल्डर ने शतक जड़ने के अलावा मैच में आठ विकेट चटकाए। साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश की पहली पारी 91 रनों पर समेटी। मेजबान टीम ने सात विकेट पर 494 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की। साउथ अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर 403 रन की बढ़त मिली।
मुल्डर ने दूसरी पारी में झटके 7 विकेट
साउथ अफ्रीका ने बुधवार को बांग्लादेश की दूसरी पारी 49.4 ओवर में 184 रनों पर ढेर की। मुल्डर ने गदर काटा हुए 11 ओवर में 31 रन देकर सात विकेट झटके। ऑलराउंडर मार्को यान्सन को दो और पेसर कगिसो रबाडा को एक विकेट मिला। बांग्लादेश की ओर से दूसरी पारी में सर्वाधिक रन तौहीद ह्रदय (38) ने बनाए। ओपनर महफिजुल इस्लाम ने 38 और कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने 34 रनों का योगदान दिया। सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम के बल्ले से 29 रन निकले जबकि लिटन दास ने 15 रन बटोरे। मोमिनुल हक और शोरिफुल इस्लाम का खाता नहीं खुला।
एकरमैन प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए
साउथ अफ्रीका के ओपनर मार्क्स एकरमैन प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। उन्होंने सीरीज में कुल 307 रन बनाए। एकरमैन ने दूसरे टेस्ट में 138 गेंदों में 150 रन जुटाए जबकि मुल्डर ने निचले क्रम में आकर 178 गेंदों में 100 रन जोड़े। अगर बांग्लादेश ने एलबीडब्ल्यू की अपील पर रिव्यू लिया होता तो एकरमैन 1 रन के निजी स्कोर पर ही आउट हो सकते थे। हालांकि, बांग्लादेश ऐसा नहीं किया और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। एकरमैन अच्छी लय में दिखे और आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने कार्यवाहक कप्तान एडेन मार्कराम (21) के साथ 49 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। उन्होंने जुबैर हमजा (27) के संग दूसरे विकेट के लिए 96 और टोनी डी जोरजी (66) के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। एकरमैन इतने सहज दिखे कि उन्होंने शोरिफुल के एक ही ओवर में चार चौके जड़ दिए। उन्होंने 111 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपने अगले 50 रन सिर्फ 26 गेंदों में बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 23 चौके और चार छक्के लगाए।
वियान मुल्डर ने दो अहम साझेदारियां कीं
एकरमैन के साथ साझेदारी करने के बाद टोनी डी जोरजी ने दो और छोटी साझेदारियां कीं। उन्होंने मैथ्यू ब्रीट्जके के साथ 34 रन और रयान रिकेल्टन के साथ 43 रन जोड़े। हालांकि, इस दौरान उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। वह एक एलबीडब्ल्यू फैसले के खिलाफ रिव्यू लेकर आउट होने से बचे और बाद में अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने और मुल्डर ने दमदार बैटिंग की। दोनों ने छठे विकेट के लिए 92 रन की पार्टनरशिप की। मुल्डर ने सातवें विकेट के लिए यान्सन के साथ 106 रन की साझेदारी की। मुल्डर की पारी में 12 चौके और दो छक्के थे। यान्सन 91 गेंदों में 67 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 6 चौके और एक सिक्स है।