रोहित शर्मा ने IPL में हासिल की बड़ी उपलब्धि, विराट कोहली के बाद इस मामले में बने सिर्फ दूसरे प्लेयर

मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2026 के सीजन में अपना चौथा मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेल रही है, जिसमें उन्हें 241 रनों का टारगेट मिला है। इस मैच में मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी और उनके पूर्व कप्तान रोहित शर्मा 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट होकर वापस पवेलियन लौट गए, लेकिन रोहित ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की जिसमें वह आईपीएल इतिहास में विराट कोहली के बाद सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए।

रोहित ने मुंबई इंडियंस से खेलते हुए पूरे किए 6000 रन

आईपीएल के इतिहास में अभी तक काफी कम ही ऐसे खिलाड़ी देखने को मिले हैं जिन्होंने लंबे समय तक एक ही टीम से खेला है। इसमें एक नाम रोहित शर्मा का भी शामिल है जिन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत डेक्कन चार्जर्स टीम की तरफ से खेलते हुए की थी, जिसके बाद वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने और अभी तक उन्हीं के लिए खेलते हुए चले आ रहे हैं। रोहित शर्मा ने आरसीबी के खिलाफ मैच में अपनी 19 रनों की पारी के दम पर मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए 6000 रनों का आंकड़ा भी पूरा कर लिया। इसी के साथ रोहित शर्मा अब आईपीएल इतिहास में विराट कोहली के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे खिलाड़ी बने हैं जो एक टीम से खेलते हुए 6000 रनों का आंकड़ा पार करने में कामयाब हो सके हैं।

IPL में एक टीम से खेलते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

  • विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 8840 रन
  • रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस) – 6013 रन
  • एमएस धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स) – 4865 रन
  • सुरेश रैना (चेन्नई सुपर किंग्स) – 4687 रन
  • एबी डिविलियर्स (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 4491 रन

खिंचाव की समस्या के चलते हुए रिटायर्ड हर्ट

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा ने रेयान रिकल्टन के साथ मिलकर टीम को तेज शुरुआत देने में अहम भूमिका अदा की लेकिन पारी के छठे ओवर में खिंचाव की समस्या अधिक होने की वजह से उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला लिया। रोहित ने 19 रनों की अपनी पारी में 13 गेंदों का सामना किया जिसमें 2 चौके और एक छक्का लगाया। रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने 231 मैचों में खेलते हुए लगभग 30 के औसत से 6013 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतकीय और 40 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं।

Leave a Comment