भारत ने बुधवार को पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया. कप्तान शुभमन गिल ने इस जीत के बाद टीम की गेंदबाजी और फील्डिंग की जमकर तारीफ की. उन्होंने खासतौर पर रोहित शर्मा के डैरिल मिशेल को रन आउट करने के तरीके को गेम चेंजर बताया.
मैच के 22वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने अक्षर पटेल की गेंद को लेग साइड में खेला और एक रन चुराने की कोशिश की. डैरिल मिशेल और ग्लेन फिलिप्स के बीच थोड़ी गलतफहमी हुई, जिसका फायदा रोहित शर्मा ने उठाया. उन्होंने विकेटकीपर केएल राहुल की तरफ अंडरआर्म थ्रो फेंका और राहुल ने तेजी से गिल्लियां बिखेर दीं. मिशेल क्रीज से बाहर थे और न्यूजीलैंड ने अपना पांचवां विकेट गंवा दिया.
रोहित का रन आउट बना टर्निंग पॉइंट
मैच के बाद ने कहा, ‘हमारी गेंदबाजी बहुत अच्छी रही और हमारी फील्डिंग भी शानदार थी. मुझे लगता है कि रोहित भाई का वो रन आउट मैच का मोमेंटम बदल गया. वो साझेदारी (मिशेल और फिलिप्स की) वाकई खतरनाक थी, भारत में भी उन दोनों ने अच्छी बल्लेबाजी की थी. कुल मिलाकर, ये हमारी टीम का बहुत अच्छा प्रदर्शन था.’
अंशुल कंबोज की तारीफ
गिल ने प्लेयर ऑफ द मैच रहे अंशुल कंबोज की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘अंशुल उस तरह के गेंदबाज हैं जो इन पिचों के लिए बिल्कुल सही हैं. वो हमेशा तेज रहते हैं, गेंद को सीम कराने की कोशिश करते हैं और पुरानी गेंद से भी अच्छा करते हैं.’ गिल ने जोड़ा, ‘हमें लगा कि जब विकेट से कुछ खास मदद नहीं मिल रही हो, तो वो अतिरिक्त उछाल पैदा कर सकते हैं, और उनकी रफ्तार और जिस तरह से दोनों ने आज रात गेंदबाजी की, वो वाकई शानदार था.’
कोहली की मैच जिताऊ पारी
बारिश से कई बार रुके इस मैच में विराट कोहली ने शानदार 74 रन बनाए और भारत को जीत दिलाई. ये कोहली का वनडे फॉर्मेट में 80वां अर्धशतक था और ये उनके 38वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले आया. बारिश के कारण भारत का लक्ष्य डकवर्थ लुईस नियम से 32 ओवर में 143 रन कर दिया गया था. कोहली और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की और मेहमान टीम को जीत के करीब ले गए. कुछ देर की लड़खड़ाहट के बाद, भारत ने 22.4 ओवर में पांच विकेट पर 143 रन बनाकर मैच जीत लिया.
न्यूजीलैंड की बैटिंग फेल
इससे पहले, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और अंशुल कंबोज की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने न्यूजीलैंड को 40.2 ओवर में 185 रन पर ऑल आउट कर दिया. अर्शदीप (4/70), गुरनूर (3/44) और अंशुल (2/22) ने बादलों भरे मौसम का पूरा फायदा उठाया और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को पूरे समय दबाव में रखा. सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने 38 रन बनाकर कुछ प्रतिरोध दिखाया, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन बनाए. आखिर में ब्लेयर टिकनर ने 23 गेंदों में चार छक्कों के साथ ताबड़तोड़ 34 रन बनाए, लेकिन टीम 200 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई.