साउथ अफ्रीका की महिला टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 5 मैचों की T20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली है. साउथ अफ्रीकी महिलाओं ने तीसरा T20 80 रन के बड़े अंतर से जीता, जिसमें उसके कप्तान लॉरा वॉल्वार्ट के रिकॉर्डतोड़ शतक की बड़ी भूमिका रही.
साउथ अफ्रीका ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 1 विकेट पर 200 रन बनाए. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 120 रन पर सिमट गई.

लॉरा वॉल्वार्ट ने 62 गेंदों में 126 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उन्होंने अपना शतक 54वीं गेंद पर पूरा किया. इसी के साथ वॉल्वार्ट ने ना सिर्फ स्मृति मंधाना के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की बल्कि महिला T20I में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में श्रीलंकाई कप्तान चामारी अट्टापट्टू की भी बराबरी कर ली. (Photo: PTI)

लॉरा वॉल्वार्ट का जिम्बाब्वे के खिलाफ जमाया शतक इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका 18वां शतक है. इंटरनेशनल क्रिकेट में इतने शतक वॉल्वार्ट से पहले महिला क्रिकेट में सिर्फ स्मृति मंधाना ने लगाए हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक लगाकर वॉल्वार्ट महिला T20I में सबसे ज्यादा शतकों के मामले में चामारी अट्टापट्टू के साथ संयुक्त रुप से दूसरे नंबर पर आ गई है. महिला T20I में सबसे ज्यादा 5 शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड UAE की एशा ओजा के नाम है. (Photo: PTI)

जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली लॉरा वॉल्वार्ट की 126 रन की नाबाद पारी महिला T20I में साउथ अफ्रीका के लिए सबसे बड़ी पारी है. पहले ये रिकॉर्ड शांद्र फ्रिट्ज के नाम था, जिन्होंने 116 रन बनाए थे. (Photo: PTI)

जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत में स्टार बनीं साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वॉल्वार्ट, विराट कोहली की बहुत बड़ी फैन है. उन्होंने एक बार खुलासा किया था कि कोहली की वजह से ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर उनकी फेवरेट टीम है.