रणजी ट्रॉफी 2026-27 में उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले दो मैच में बिहार और गोवा को हराते हुए शानदार शुरुआत की थी। टीम इंडिया के खिलाड़ी रिंकू सिंह ने यूपी के लिए पिछले दोनों मैचों में शतक जड़ा था।
अब पुडुचेरी के खिलाफ यूपी की शुरुआत तीसरे मैच में खराब रही और रिंकू सिंह खाता भी नहीं खोल पाए। पुडुचेरी में खराब मौसम के कारण यूपी और पुडुचेरी मैच में पहले दिन केवल 37 ओवर का ही खेल हो सका।
उत्तर प्रदेश ने पुडुचेरी के खिलाफ चार विकेट गंवाकर 67 रन बनाए थे। पहले दिन का खेल खत्म होने तक यूपी के बल्लेबाज करन शर्मा 17 और आराध्य यादव 2 रन बनाकर नाबाद थे। यूपी के लिए रिंक सिंह के अलावा अभिषेक गोस्वामी 2, माधव कौशिक 23 और कप्तान आर्यन जुयाल 21 भी खास योगदान नहीं दे पाए। पुडुचेरी के लिए अंकित शर्मा ने 2 विकेट लिए। वहीं गौरव यादव और सागर उदेशी को 1-1 विकेट मिला।
यूपी ने अपने पहले मैच में बिहार को पारी और 267 रनों से हराया था। वहीं दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश ने गोवा के खिलाफ 68 रन से जीत दर्ज की थी। यूपी की टीम एलीट ग्रुप ए की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। बड़ौदा की टीम इस ग्रुप में टॉप पर है। तीसरे मैच में भी बड़ौदा ने जम्मू कश्मीर के खिलाफ अच्छी शुरुआत की है। प्रियांशु मोलिया ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली।
बड़ौदा के लिए प्रियांशु मोलिया ने ठोका शतक
वडोदरा में खेले जा रहे ग्रुप ए के इस मुकाबले में प्रियांशु मोलिया के शतक की मदद से बड़ौदा ने गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ छह विकेट पर 259 रन बना लिए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली बड़ौदा के लिए प्रियांशु 113 रन (11 चौके और एक छक्का) बनाकर खेल रहे हैं।
दीपक हुड्डा ने 45 रन बनाए और वह प्रियांशु के अलावा टीम के लिए योगदान करने वाले एकमात्र अन्य बल्लेबाज रहे। जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया और पांच गेंदबाजों ने विकेट हासिल किए। उमर नजीर मीर सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 28 रन देकर दो विकेट लिए।
विदर्भ ने गोवा पर कसा शिकंजा
वहीं ग्रुप ए का अन्य मैच नागपुर में खेला जा रहा है, जिसमें विदर्भ का सामना गोवा से हो रहा है। नचिकेत भूटे (40 रन देकर चार विकेट) ने चार विकेट लेकर गोवा को स्टंप तक आठ विकेट पर 204 रन ही बनाने दिए। भूटे ने 18 ओवर में सुयश प्रभुदेसाई (01), स्नेहल कौठंकर (00), अभिनव तेजराना (30) और ललित यादव (22) को आउट कर गोवा की पारी को झटके दिए।
हालांकि यश कसवणकर (नाबाद 51) और दर्शन मिसाल (51) ने अहम अर्धशतक लगाकर गोवा को 200 रन के पार पहुंचाया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की। भूटे के अलावा रजनीश गुरबानी ने 28 रन देकर दो विकेट लिए जबकि पार्थ रेखड़े और हर्ष दुबे को एक-एक सफलता मिली।
Ranji Trophy: प्रियांश आर्या की तेज शुरुआत, आयुष का शतक, सुमित ने जड़ा पचासा; दिल्ली ने पहले दिन बनाए 309/5 रन
दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अब तक पहले दो मैचों के बाद जीत का खाता नहीं खोला है। तीसरे मुकाबले में झारखंड के खिलाफ टीम ने अच्छी शुरुआत की। कप्तान आयुष बडोनी पहले दिन के बाद शतक लगाकर नाबाद हैं। वहीं प्रियांश आर्या ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।