शारजाहः अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में राशिद ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
राशिद की इस उपलब्धि के साथ ही अजमतुल्लाह ओमरजई के शतक के दम पर अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 19 रन से हराया। अफगान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
राशिद खान ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर के 120वें मैच में 200 विकेट का आंकड़ा छुआ। अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में इंग्लैंड के आदिल राशिद दूसरे स्थान पर हैं, जिनके नाम 153 मैचों में 171 विकेट दर्ज हैं। राशिद खान की खासियत यह है कि उन्होंने आदिल राशिद की तुलना में बेहद कम मुकाबलों में यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है।
अफगानिस्तान की सबसे बड़ी ताकत हैं राशिद
अफगानिस्तान के लिए राशिद लंबे समय से गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकत रहे हैं। उनकी लेग स्पिन, गुगली अभी भी बल्लेबाजों के लिए समझना मुश्किल है। इसके साथ ही दबाव में विकेट निकालने की क्षमता ने उन्हें दुनिया के सबसे अच्छे टी20 गेंदबाजों में शुमार करती है। जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में राशिद खान ने गेंद से भी अहम योगदान दिया। उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इस दौरान तादिवानाशे मारुमानी का विकेट उनके खाते में आया।
19 रन से जीता अफगानिस्तान
शारजाह में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले के दौरान उसने महज 5 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई ने पारी संभाली। उन्होंने 50 गेंदों पर 116 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 12 छक्के और 5 चौके शामिल थे। उन्होंने इजाज अहमदजई (52 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी कर अफगानिस्तान को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
शिकंदर रजा का शतक बेकार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने कड़ा संघर्ष किया। कप्तान सिकंदर रजा ने 56 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 202 रन ही बना सकी। अफगानिस्तान ने मुकाबला 19 रन से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा।