रहाणे के फैसले ने अश्विन से लेकर कुंबले को किया दंग, बोले- टॉस जीतकर ऐसा करने पर हैरानी हुई

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) की बीच रविवार को आईपीएल 2026 का 12वां मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। सिर्फ 3.4 ओवर का खेल हो सका, जिसमें केकेआर ने दो विकेट पर 25 रन बनाए।

बारिश के कारण जब खेल रोका गया तब कप्तान अजिंक्य रहाणे आठ और अंगकृष रघुवंशी सात रन बनाकर नाबाद थे। रहाणे ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी। ओवरकास्ट कंडीशंस को देखते हुए यह चौंकाने वाला फैसला था। रहाणे के फैसले ने क्रिकेट फैंस ही नहीं बल्कि आर अश्विन और अनिल कुबंले जैसे पूर्व दिग्गजों को भी दंग किया।

‘टॉस जीतकर ऐसा करने पर हैरानी हुई’

पूर्व स्पिनर कुंबले ने बारिश के ब्रेक के दौरान जियो हॉटस्टार पर कहा, ”मुझे हैरानी हुई कि रहाणे ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। इस तरह की पिच पर, जहां बारिश की संभावना हो तो पहले फील्डिंग करना बेहतर होता।” पूर्व सिलेक्टर सबा करीम ने कहा, ”मैं इस फैसले को समझ नहीं पा रहा हूं।” पूर्व स्पिनर अश्विन ने भी कुंबले के सुर में सुर मिलाया और पहले बैटिंग करने के फैसले को ‘दिलचस्प’ बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”जब आपको पता है कि मैच बारिश से प्रभावित रहेगा और आपके पास कम अनुभवी बॉलिंग अटैक है तो आप पहले बैटिंग करना चुनते हैं। दिलचस्प सोच।”

कप्तान रहाणे ने टॉस के बाद क्या कहा?

बंगाल के पूर्व बल्लेबाज श्रीवत्स गोस्वामी भी रहाणे की टैक्टिक्स से खुश नहीं थे। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”बहुत हैरानी हुई कि रहाणे ने टॉस जीता और आसमान में बादल छाए होने के बावजूद पहले बैटिंग करने का फैसला किया। यह थोड़ा चौंकाने वाला था। तुरंत ही आप स्विंग और विकेट के पीछे दो कैच देख सकते हैं। बहुत ही हिम्मत वाला फैसला।” वहीं, रहाणे ने पंजाब के खिलाफ टॉस जीतने के बाद कहा था, ”हम पहले बैटिंग करेंगे। पिच अच्छी लग रही है। विकेट थोड़ा सूखा है लेकिन बहुत अच्छा है और घास भी थोड़ी कम है। यही वजह है कि पहले बैटिंग करने का फैसला किया।”

कैमरून ग्रीन ने फिर निराश किया

शुरुआती दो मैचों में हार झेलनी वाली केकेआर का अंक तालिका में खाता खुला गया है। मैच रद्द होने के कारण कोलकाता और पंजाब को एक-एक अंक बांटना पड़ा। केकेआर को जेवियर बार्टलेट ने दूसरे ओवर में डबल झटका दिया। बार्टलेट ने सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (6) और कैमरून ग्रीन (4) को तीन गेंद के भीतर आउट किया। दोनों ही बल्लेबाजों ने विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमाए। ग्रीन 25.20 करोड़ रुपये की कीमत के साथ सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हैं लेकिन उनका खराब प्रदर्शन जारी रहा। इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो रन बनाए थे।

 

Leave a Comment