युवराज से लेकर इरफान पठान तक… अर्जुन तेंदुलकर की प्री-वेडिंग सेरेमनी में सजी सितारों की महफिल, Videos

Sachin Tendulkar Son Arjun Pre-Wedding Celebrations: क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी की तैयारियां जोरों पर हैं. क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन और उनकी मंगेतर सानिया चंडोक की मेहंदी सेरेमनी 3 मार्च 2026 को मुंबई में संपन्न हुई, जिसके वीडियो और फोटोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. यह प्री-वेडिंग समारोह दूल्हा-दुल्हन के परिवार और करीबी दोस्तों के बीच उत्साह से भरा रहा, जहां कई दिग्गज क्रिकेटर और हस्तियां शामिल हुईं.

मेहंदी सेरेमनी में पहुंचे ये दिग्गज

मेहंदी के इस खास मौके पर तेंदुलकर परिवार पूरी शान से नजर आया. सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि और बेटी सारा के साथ पहुंचे. सारा का लुक खासतौर पर सुर्खियों में रहा, वहीं सचिन ने अपनी होने वाली बहू सानिया के साथ पोज देकर प्यार भरे पल शेयर किए. समारोह में मेहंदी लगाने के साथ-साथ संगीत का भी आयोजन हुआ.

इस फंक्शन में क्रिकेट जगत से कई नामी चेहरे शामिल हुए. युवराज सिंह अपनी पत्नी हेजल कीच के साथ, हरभजन सिंह गीता बसरा के साथ, इरफान पठान अपनी पत्नी सफा के साथ, यूसुफ पठान आफरीन के साथ और जहीर खान सागरिका घाटगे के साथ पहुंचे. इसके अलावा रवि शास्त्री भी नजर आए. राजनीतिक हस्तियों में राज ठाकरे और शैना एनसी जैसी शख्सियतें भी मौजूद रहीं. जिसने पूरे आयोजन को रंगीन और यादगार बना दिया.

5 मार्च को होगी शादी

अर्जुन तेंदुलकर, जो एक लेफ्ट-आर्म फास्ट बॉलर और लोअर ऑर्डर के बल्लेबाज हैं. आईपीएल में वह मुंबई इंडियंस से खेल चुके हैं और अब लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जुड़े हैं. वहीं सानिया एक सफल एंटरप्रेन्योर हैं और मुंबई के उद्योगपति रवि घाई की पोती हैं. सानिया पेट केयर ब्रांड की मालकिन भी हैं. दोनों परिवारों के बीच पुराना रिश्ता रहा है. बता दें, शादी 5 मार्च को होने वाली है. इससे पहले अर्जुन और सानिया की सगाई अगस्त 2025 में हुई थी.

बता दें, सचिन तेंदुलकर ने बेटे की शादी के लिए देश के शीर्ष गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया है. इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नाम भी शामिल हैं.