भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बंगाल की 19 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। अभिमन्यु ईश्वरन घरेलू टी20 टूर्नामेंट में टीम की कप्तानी करेंगे।
बंगाल 14 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एलीट ग्रुप ए में कर्नाटक के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। पूर्व कप्तान मयंक अग्रवाल और रणजी ट्रॉफी में मौजूदा कप्तान श्रेयस गोपाल को शुक्रवार को 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए कर्नाटक की टीम से बाहर कर दिया गया।
इस टीम में बंगाल अंडर-23 के कप्तान शशांक सिंह भी शामिल हैं, जो सीनियर स्तर पर पदार्पण करेंगे। भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और स्पिन ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को भी टीम में जगह दी गई है। बंगाल को ग्रुप ए में कर्नाटक, चंडीगढ़, झारखंड, मिजोरम, बड़ौदा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के साथ रखा गया है। ग्रुप ए के सभी लीग मैच मुंबई में खेले जाएंगे।
बंगाल की टीम: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), सुदीप घरामी, युवराज केसवानी, आदित्य पुरोहित, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), शाकिर गांधी (विकेटकीपर), करण लाल, प्रदीप्ता प्रमाणिक, सौरव हलदर, प्रयास रे बर्मन, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, शाहबाज अहमद, कनिष्क सेठ, सायन घोष, सैयद इरफान आफताब, अखिलेश यादव, ऋषभ चौधरी और शशांक सिंह।
मयंक अग्रवाल हुए बाहर
कर्नाटक ने रविचंद्रन स्मरण को कप्तान नियुक्त किया है। अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे को भी 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है। इस वर्ष कर्नाटक को बड़ौदा, बंगाल, चंडीगढ़, मिजोरम, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के साथ एलीट ग्रुप ए में रखा गया है। ग्रुप ए के सभी मैच मुंबई में खेले जाएंगे। अग्रवाल ने पिछली बार इस टूर्नामेंट में कर्नाटक का नेतृत्व किया था, जहां उनकी टीम नॉकआउट राउंड में पहुंचने में असफल रही और एलीट ग्रुप डी में पांचवें स्थान पर रही।
कर्नाटक की टीम: आर स्मरण (कप्तान), रोहन पाटिल, लवनिथ सिसौदिया, मनीष पांडे, करुण नायर, अभिनव मनोहर, शिखर शेट्टी, मनवंत कुमार, प्रवीण दुबे, विशाक विजयकुमार, विद्वथ कावेरप्पा, अभिलाष शेट्टी, केएल श्रीजीत, ए गौतम, रितेश भटकल। कोच: आर विनय कुमार।
सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए शुक्रवार को घोषित दिल्ली की 16 सदस्यीय टीम में पूर्व कप्तान नीतिश राणा को जगह नहीं मिली है। इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर से होगी। बत्तीस वर्षीय बल्लेबाज नीतिश राणा 2024 में आईपीएल खिताब जीतने वाली कोलकाता नाइटराइडर्स टीम का हिस्सा थे। उन्होंने पिछले सत्र में इस टी20 राष्ट्रीय टूर्नामेंट में दिल्ली की कप्तानी की थी, लेकिन टीम ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में नाकाम रही थी। दिल्ली को एलीट ग्रुप बी में बिहार, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु के साथ रखा गया है। ग्रुप बी के सभी मुकाबले इंदौर में खेले जाएंगे। दिल्ली अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ करेगी।
दिल्ली की टीम: आयुष बडोनी (कप्तान), प्रियांश आर्य, सार्थक रंजन, यश ढुल, आयुष दोसजा, तेजस्वी (विकेटकीपर), अनुज रावत (विकेटकीपर), हिम्मत सिंह, मयंक रावत, केशव डबास, सुयश शर्मा, दिग्वेश, इशांत शर्मा, हर्षित राणा, मयंक यादव और सिमरजीत सिंह।