पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान टी20 के बाद अब वनडे टीम से भी बाहर होते दिख रहे हैं. उनके लिए बुरी खबर ये है कि वो वनडे वर्ल्ड कप 2027 के योग्य ही नहीं समझे जा रहे हैं. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले तीन वनडे मैचों की सीरीज में सेलेक्ट नहीं किया जाएगा. ऑस्ट्रेलिया ये वनडे सीरीज लाहौर और रावलपिंडी में खेलने वाली है. गजब की बात तो ये है कि सैम अय्यूब और फखर जमान के चोटिल होने के बावजूद रिजवान टीम में जगह नहीं बना पा रहे हैं.
रिजवान पाकिस्तान की वनडे टीम में सेलेक्ट नहीं होंगे
जिओ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक सेलेक्शन कमेटी, हेड कोच माइक हेसन और कप्तान शाहीन अफरीदी ने सीरीज के लिए अपनी टीम चुन रही है. इसमें रिजवान का सेलेक्ट होना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है. रिपोर्ट्स से ये भी पता चलता है कि टी20 फॉर्मेट के फैसलों के बाद हेड कोच हेसन रिजवान को वनडे टीम में शामिल करने के पक्ष में नहीं हैं. रिजवान के नाम पर साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी विचार नहीं हो रहा है.
रिजवान का वनडे रिकॉर्ड अच्छा है
दिलचस्प बात ये है कि रिजवान का वनडे रिकॉर्ड अच्छा है. 33 साल के इस खिलाड़ी ने पाकिस्तान के लिए 103 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 40.08 के औसत से 2,979 रन बनाए हैं, जिनमें चार शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं. विकेट के पीछे उन्होंने 113 कैच पकड़े हैं और सात स्टंपिंग की हैं. बता दें रिजवान इस साल बांग्लादेश के खिलाफ हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में बुरी तरह फेल हो गए थे उन्होंने 3 मैचों में 58 रन बनाए थे.
रिजवान की जगह कौन होगा टीम में शामिल?
मोहम्मद रिजवान अगर नहीं खेले तो उनकी जगह दूसरे विकेटकीपर के लिए उस्मान खान टीम में शामिल हो सकते हैं. वैसे चर्चा मिर्जा साद बेग के नाम पर भी हो रही है. बता दें ऑस्ट्रेलिया की टीम 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचेगी और पाकिस्तान की टीम 22 मई से रावलपिंडी में प्रैक्टिस शुरू करेगी और वहीं सीरीज से पहले एक प्रैक्टिस मैच भी होगा. पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज 30 मई से शुरू होगी. दूसरा वनडे 2 जून और तीसरा वनडे 4 जून को होगा.