टी-20 वर्ल्ड कप में कोलंबो में होने वाले मैच से पहले भारत और पाकिस्तान के कप्तानों ने अलग-अलग प्रेस कॉन्फ़्रेंस की है.
भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जहां हैंडशेक और अभिषेक शर्मा से जुड़े सवालों के जवाब दिए हैं.
वहीं पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा से भी उस्मान तारिक़ और हैंडशेक से जुड़े सवाल पूछे गए थे.
सूर्यकुमार यादव ने हैंडशेक पर कहा है, “हम हैंडशेक को टॉस के समय देखेंगे. 24 घंटों का इंतज़ार कीजिए.”
भारत के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के सवाल पर सलमान आगा ने कहा, ”हम इसके बारे में कल देखेंगे.”
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा को लेकर सूर्यकुमार ने कहा कि वो पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच में खेलेंगे.
सलमान आगा ने क्या कहा?
सलमान आगा ने कोलंबो में रविवार को मैच से पहले शनिवार को आयोजित प्री-मैच कॉन्फ़्रेंस में पाकिस्तान के स्पिन बॉलर उस्मान तारिक़ के बॉलिंग एक्शन, भारतीय बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा की फ़िटनेस से लेकर दोनों टीमों के बीच हाथ मिलाने की संभावनाओं पर जवाब दिए.
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा कि उस्मान तारिक़ टीम के ‘ट्रंप कार्ड’ हैं, उनके बॉलिंग एक्शन पर बात की जा रही है लेकिन पाकिस्तानी टीम को इसकी परवाह नहीं.
पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत से मैच न खेलने का एलान किया था. लेकिन आईसीसी और पीसीबी की बैठक के बाद पाकिस्तान ने अपना फ़ैसला वापस ले लिया और 15 फ़रवरी को कोलंबो में भारत से अपना पहला मैच खेलने के लिए तैयार हो गया.
आईपीएल की टीम केकेआर से बांग्लादेशी बॉलर मुस्तफ़िज़ुर रहमान के हटाए जाने के बाद बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए मैच के लिए भारत आने से इनकार कर दिया था.
इसके बाद आईसीसी ने टूर्नामेंट से बांग्लादेश को हटाकर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था.
बांग्लादेश को हटाने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ ही पाकिस्तान ने भारत से मैच खेलने से इनकार कर दिया था.
उस्मान तारिक़ के बारे में क्या बोले पाकिस्तानी कप्तान
BBCप्रेस कॉन्फ़्रेंस में स्पिनर उस्मान तारिक़ के बॉलिंग एक्शन के बारे में पूछने पर सलमान आगा ने कहा है कि तारिक़ उनके ट्रंप कार्ड हैं.
सलमान आगा ने कहा, ”तारिक़ हमारे ट्रंप कार्ड हैं. उनके बॉलिंग एक्शन पर बात हो रही है लेकिन हमें इसकी परवाह नहीं है. उस्मान के एक्शन को दो बार क्लीन चिट मिल चुकी है और मुझे समझ नहीं आता कि इस पर बार-बार चर्चा क्यों हो रही है.”
उन्होंने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि खेल उसी भावना से खेला जाएगा, जिस भावना से इसे शुरुआत से खेला जाता रहा है.”
Joe Allison/Getty Imagesसलमान आगा ने कहा, ”वर्ल्ड कप में भारत के ख़िलाफ़ हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन हम इतिहास नहीं बदल सकते.”
आगा ने कहा कि स्टार बल्लेबाज़ बाबर आज़म की फ़ॉर्म को लेकर टीम में कोई चिंता नहीं है, ख़ासकर भारत के ख़िलाफ़ मैच से पहले.
उन्होंने कहा, “बाबर आज़म हमारे लिए चिंता का विषय नहीं हैं. वह रन बना रहे हैं. उम्मीद है कि वह कल भी रन बनाएंगे और टीम की मदद करेंगे. हम बल्लेबाज़ी क्रम में ज़्यादा बदलाव नहीं करना चाहते.”
अभिषेक शर्मा के बारे में क्या कहा
Asanka Ratnayake/Getty Imagesसलमान आगा ने अभिषेक शर्मा को लेकर भी बात की और कहा कि वो बड़े खिलाड़ी हैं, पाकिस्तान चाहता है कि वो फिट होकर मैच खेलें, पाकिस्तान सबसे अच्छी टीम के साथ मैदान पर जाना चाहता है.
उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा कल खेलेंगे.”
हाल के दिनों में सबसे बड़ी चर्चा भारत के स्टार बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा की फ़िटनेस को लेकर रही है.
पेट के संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और इसी वजह से वह नामीबिया के ख़िलाफ़ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे.
कौन हैं उस्मान तारिक़ जिनके एक्शन की है चर्चा
पाकिस्तान और अमेरिका के बीच टी-20 वर्ल्ड कैप मैच में उस्मान तारिक़ के एक्शन ने सबका ध्यान खींचा.
इसके बाद सोशल मीडिया में उनके एक्शन की चर्चा होने लगी.
कुछ यूज़र्स ने उस्मान तारिक़ के बॉलिंग एक्शन पर सवाल उठाए और कुछ ने ये भी सवाल किया कि उस्मान जिस तरह बॉल फेंकने से पहले थोड़ा ठहरते हैं, क्या वह नियमों के मुताबिक़ ठीक है.
श्रीवत्स गोस्वामी ने इस वीडियो के साथ लिखा, “फुटबॉल में भी खिलाड़ियों को अब पेनल्टी-रन अप के दौरान पॉज़ की मंज़ूरी नहीं है. ये कैसे ओके है? एक्शन ठीक है. लेकिन पॉज़? वो भी तब जब बॉल डिलीवर की जानी है. ये नहीं चल सकता.”
हालांकि, आकाश चोपड़ा ने ये ज़रूर पूछा कि क्या बांह मोड़े बिना गेंद की गति को 20 से 25 किलोमीटर तक बढ़ाना संभव है.
बहस इतनी बढ़ी कि
उस्मान की गेंदबाज़ी का सामना करने के लिए अश्विन के टिप्स
आर. अश्विन ने अपने यूट्यूब शो में कहा है कि उस्मान तारिक़ की बॉलिंग के दौरान उनके एक्शन को लेकर बल्लेबाजों को कोई संदेह होता है तो उन्हें क्रीज़ से हटने का पूरा अधिकार है.
उन्होंने कहा, ”अगर उस्मान बॉल फेंकने से पहले रुक जाते हैं तो बल्लेबाज़ क्रीज़ से हट सकते हैं और कह सकते हैं कि मुझे लगा कि वो रुक रहे हैं. ये एक दिलचस्प मामला होगा और अपांयर के लिए मुश्किल खड़ी कर देगा. इससे गेंदबाज़ पर भी मानसिक दबाव होगा.”
अश्विन ने कहा है कि अगर वो बल्लेबाज़ी कर रहे होते तो यही रणनीति अपनाते.
उन्होंंने कहा, ”मैं अगर बल्लेबाज़ी कर रहा होता तो नियमों के मुताबिक़ यही करता. मैं इतना कहता कि बॉलर कब फेंकेगा और हट जाता.”
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का मुक़ाबला 15 फ़रवरी को कोलंबो में होगा सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा