भारत का हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन रहा। पाकिस्तान के खिलाफ शुक्रवार को मिली शर्मनाक हार के बाद उम्मीद थी कि टीम इंडिया यूएई को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचेगा। हालांकि हुआ इसके उलट।
टीम इंडिया को यूएई के खिलाफ भी शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा और इस हार के साथ भारत टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। यूएई के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 6 विकेट के नुकसान पर 94 रन बोर्ड पर लगाए, जिसमें टी नटराजन ने सबसे अधिक 14 गेंदों पर 38 रन बनाए। जी हां, नटराजन ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए। शशांक सिंह, नीतिश राणा और क्रुणाल पांड्या जैसे बल्लेबाज भी कुछ नहीं कर पाए। राहुल त्रिपाठी ने जरूर 7 गेंदों पर 21 रन बनाए। हालांकि यूएई ने इस टारगेट को बिना कोई विकेट खोए आसानी से चेज कर लिया।
यूएई ने 26 गेंदों में चेज किया टारगेट
95 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी यूएई की टीम ने 26 गेंदों में ही मैच को खत्म कर दिया। 6 ओवर में वैसे ये स्कोर बड़ा लगता है, मगर हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट के हिसाब से यह टारगेट काफी आसान था। यूएई के लिए कप्तान खालिद शाह ने 14 गेंदों में फिफ्टी लगाई, जिसमें 3 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उन्होंने 52 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज अंश टंडन ने 12 गेंदों पर 2 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 39 रन बनाए।
पाकिस्तान के खिलाफ भी मिली थी भारत को हार
शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले में भी टीम इंडिया को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। शशांक सिंह की 11 गेंदों पर 40 रनों की तूफानी पारी के बावजूद भारत 6 ओवर में 88 रन ही बोर्ड पर लगा पाया था। इस स्कोर को पाकिस्तान ने कप्तान अब्बास अफरीदी 8 गेंदों पर 35 रनों की तूफानी पारी के दम पर 3.5 ओवर यानी 23 गेंदों में ही चेज कर डाला।
इस टूर्नामेंट में ना तो भारत की बैटिंग अच्छी रही और ना ही बॉलिंग।
भारत का बाउल सेमीफाइनल इंग्लैंड से
टूर्नामेंट से बाहर होने वाली टीमों के बीच अलग से सेमीफाइनल और फाइन मैच खेले जाएंगे। भारत का बाउल सेमीफाइनल मुकाबला इंग्लैंड से कुछ ही देर में शुरू होगा। यह मैच ग्रुप स्टेज में तीसरे नंबर पर रहने वाली टीमों के बीच खेले जाएंगे। इसके अलावा दूसरे नंबर पर रहने वाली टीमों के बीच प्लेट मैच होंगे।