हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में 7 विकेट से धूल चटाई। पाकिस्तान को मात्र 55 रनों पर ढेर करने के बाद टीम इंडिया ने टारगेट को 8.4 ओवर में ही चेज किया।
भारत की इस जीत के साथ पाकिस्तान की मुश्किलें थोड़ी बहुत बड़ी है, क्योंकि उन्हें अभी तक सेमीफाइनल का टिकट नहीं मिला है। ग्रुप-ए से भारत पहले ही नॉकआउट राउंड में अपनी जगह बना चुका है। दूसरी टीम के लिए पाकिस्तान की अब थाइलैंड और हॉन्ग-कॉन्ग से जंग है। पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला हॉन्ग-कॉन्ग से 7 सितंबर से खेलना है।
पाकिस्तान को हर हाल में जीतना होगा आखिरी मैच
फातीमा सना की पाकिस्तान विमेंस क्रिकेट टीम को अगर सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो हर हाल में हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ आखिरी मुकाबला जीतना होगा। पाकिस्तान के खाते में फिलहाल 2 अंक है, जो उन्हें थाइलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करके मिले थे। अगर पाकिस्तान हॉन्ग-कॉन्ग को भी हराने में कामयाब रहता है तो वह राहत की सांस लेगा और 4 अंकों के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगा।
भारत के खिलाफ मनोबल तोड़ने वाली हार झेलने के बाद कहीं अगर पाकिस्तान को हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ बड़े उलटफेर का सामना करना पड़ता है तो टीम की मुश्किलें और बढ़ जाएगी। इस स्थिति में पाकिस्तान, थाइलैंड और हॉन्ग-कॉन्ग तीनों टीमों के खाते में 2-2 अंक हो जाएंगे और फिर मामला नेट रन रेट पर जाकर फंसेगा। बेहतर नेट रन रेट वाली टीम को ही अगले राउंड में जगह मिलेगी।
भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान का नेट रन रेट नेगेटिव में पहुंच गया है। 2 मैच के बाद उनका नेट रन रेट -0.569 का है, जबकि थाइलैंड का -2.050 का और हॉन्ग-कॉन्ग का -3.575 का।
पाकिस्तान को मिली विमेंस टी20 की अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार
पाकिस्तान विमेंस क्रिकेट टीम की भारत के खिलाफ खूब फजीहत हुई। पहले उनकी पूरी टीम मात्र 55 रनों पर ढेर हो गई। यह पाकिस्तान का विमेंस टी20 क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर है। इसके बाद भारत ने उनके खिलाफ यह स्कोर 68 गेंदें शेष रहते कर दिखाया। यह शेष गेंदों के मामले में पाकिस्तान की दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले न्यूजीलैंड 70 गेंदें शेष रहते उन्हें हरा चुका है।
वहीं भारत के नजरिए से देखें तो यह विमेंस टीम इंडिया की शेष गेंदों के हिसाब से टी20 क्रिकेट में चौथी सबसे बड़ी जीत है। भारत 2022 में थाइलैंड को 84 गेंदें शेष रहते हरा चुका है। इनके अलावा उन्होंने बांग्लादेश को 70 और श्रीलंका को 69 शेष गेंदें रहते धूल चटाई हुई है।