राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारत ए और पाकिस्तान ए के मैच के दौरान गर्म माहौल देखने को मिला है। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा के साथ पाकिस्तानी बल्लेबाज उलझते नजर आए। पहले दोनों पक्षों के बीच मैदान पर जुबानी जंग हुई और फिर विकेट मिलने के बाद हर्षित ने अपने आक्रामक जश्न से सबका ध्यान खींच लिया।
दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। इस दौरान हर्षित राणा और पाकिस्तानी बल्लेबाजों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पांचवें ओवर में माज सदाकत के साथ उनकी बहस देखने को मिली। इसके बाद सातवें ओवर में भी हर्षित ने दोनों बल्लेबाजों के साथ जुबानी टकराव जारी रखा। मैदान पर बढ़ती गर्मागर्मी का वीडियो भी सामने आया है।
कैच के बाद हर्षित राणा ने दिखाया आक्रामक अंदाज
लगातार बहस के बाद हर्षित को विकेट का जश्न मनाने का मौका भी मिल गया। आठवें ओवर में आयुष बडोनी गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में शमाइल हुसैन अपना संतुलन खो बैठे और गेंद का बाहरी किनारा लग गया। शॉर्ट थर्ड की तरफ खड़े हर्षित राणा ने कैच पकड़कर उनकी पारी खत्म कर दी।
शमाइल 23 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। विकेट लेने के बाद हर्षित काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने बल्लेबाज को मैदान से बाहर जाने का इशारा करते हुए सेंड ऑफ़ मैसेज दिया। इस दौरान उनकी प्रतिक्रिया कैमरे में कैद हो गई।
हर्षित ने किया नजीर को आउट
हर्षित का गुस्सा यहीं खत्म नहीं हुआ। उन्होंने बाद में रोहेल नजीर को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। रोहेल अपना खाता भी नहीं खोल सके। इस विकेट के बाद हर्षित ने अपनी छाती पीटकर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। इस तरह भारत ए ने स्लेजिंग का प्रयास कर रहे पाकिस्तानी प्लेयर्स को अपने अंदाज से करारा जवाब देने का काम किया।