भारतीय टीम की तीन खिलाड़ियों ने ही पाकिस्तान को निपटा दिया, महिला एशिया कप में होना पड़ा शर्मसार

हिला एशिया कप 2026 के ग्रुप ए के मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया है। पाकिस्तान की टीम सिर्फ 55 रनों पर ऑलआउट हो गई।

भारतीय महिला टीम की घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बेबस नजर आई।

भारत ने महिला एशिया कप टी20 के एकतरफा मुकाबले में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी को सात विकेट से रौंद दिया। हरमनप्रीत कौर की टीम ने पाकिस्तान को महज 55 रन पर समेट दिया जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान का अब तक का सबसे कम स्कोर है। भारत ने 8.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हम आपको तीन भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने पाकिस्तान की हार पक्की कर दी।

श्री चरणी

श्री चरणी ने पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में कमाल की बॉलिंग की। उन्होंने अपने पहले ओवर में दो विकेट लिए तो दूसरे ओवर में एक शिकार किया। इससे पाकिस्तान की टीम उभर ही नहीं पाई। 4 ओवर के स्पेल में श्री चरणी ने सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

प्रेमा रावत

लेग स्पिनर प्रेमा रावत के करियर का यह तीसरा ही टी20 इंटरनेशनल मैच था। उन्होंने 4 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट लिए। यह उनका करियर बेस्ट प्रदर्शन भी है। उत्तराखंड की प्रेमा का भारत की जीत में रोल काफी अहम रहा।

दीप्ति शर्मा

दीप्ति शर्मा महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की सबसे सफल गेंदबाज हैं। महिला इंटरनेशनल मैचों तीनों फॉर्मेट मिलकर भी उनके सबसे ज्यादा विकेट हैं। दीप्ति ने इस मैच में 3.1 ओवर की गेंदबाजी की और सिर्फ 5 रन दिए। उन्होंने दो विकेट भी लिए। उन्होंने बल्ले से 12 रनों का भी योगदान दिया।

Leave a Comment