आईपीएल 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट को एक बड़ा झटका लगा है. भारत के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर सी.डी. गोपीनाथ का निधन हो गया है. उन्होंने 9 अप्रैल 2026 को चेन्नई में 96 साल की उम्र में आखिरी सांस ली. सी.डी. गोपीनाथ भारत के पहले टेस्ट जीतने वाली टीम के आखिरी जीवित सदस्य भी थे. उनके निधन के बाद अब 95 साल के चंद्रकांत पटणकर भारत के सबसे उम्रदराज जीवित टेस्ट क्रिकेटर बन गए हैं.
सी.डी. गोपीनाथ का हुआ निधन
गोपीनाथ का जन्म 1 मार्च 1930 को चेन्नई में हुआ था. उन्होंने 1951 में इंग्लैंड के खिलाफ ब्रेबोर्न स्टेडियम में टेस्ट डेब्यू किया था. अपने करियर में उन्होंने कुल 8 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 12 पारियों में 242 रन बनाए. उनका टेस्ट औसत 20.17 रहा और बेस्ट स्कोर नाबाद 50 रन था. टेस्ट के अलावा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में गोपीनाथ ने मद्रास की ओर से 83 मैच खेले और 4259 रन बनाए, जिसमें औसत 42.16 रहा. 1954-55 के रणजी ट्रॉफी फाइनल में उन्होंने शतक जड़कर मद्रास को पहली बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
View this post on Instagram
वहीं, उनका सबसे यादगार योगदान 1952 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पहली टेस्ट जीत में रहा. उस मैच में उन्होंने नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए 35 रन बनाए थे. वह उस ऐतिहासिक टीम के आखिरी जीवित सदस्य थे. वहीं, गोपीनाथ ने 1960 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ईडन गार्डन्स में अपना आखिरी टेस्ट खेला.
पहली ही पारी में बनाया सबसे बड़ा स्कोर
गोपीनाथ ने अपने टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में नाबाद 50 रन बनाए थे, जो उनके करियर के अंत तक उनका सबसे बेस्ट स्कोर रहा. उन्होंने ये पारी आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए खेली थी. इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में 42 रन बनाए, जिससे भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच ड्रॉ कराया था.