भारतीय कोच को 5 साल की जेल, नाबालिग एथलीट का शारीरिक शोषण का दोषी करार

एक कोच, एक गुरु पर शिष्य आंख बंद कर भरोसा करता है. वो गुरु ही होता है जिसकी सीख एक मामूली बच्चे को देश को मेडल जिताने वाला एथलीट बना देता है लेकिन भारतीय आर्चरी में एक गुरु ने ही अपनी शिष्या के साथ कुछ ऐसा कर दिया जो बेहद शर्मनाक है और अब उस गुरु को जेल भेज दिया गया है. बात हो रही है कुलदीप वेदवान की जिन्हें सोनीपत की स्पेशल अदालत ने पांच साल की जेल की सजा सुनाई है. उनपर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. कुलदीप वेदवान नाबालिग एथलीट के शारीरिक शोषण के दोषी पाए गए हैं.

कुलदीप वेदवान पर लगा POCSO

कुलदीप वेदवान को POCSO एक्ट के तहत दोषी पाया गया है. ये मामला यूथ चैंपियनशिप के ट्रायल के दौरान सामने आया था जो कि सोनीपत के स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया सेंटर में आयोजित हुए थे. साल 2023 में हुए इन ट्रायल्स में जम्मू-कश्मीर की एक आर्चर भी पहुंची थी जो श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड कटरा स्टेडियम में ट्रेनिंग करती थी. इस एथलीट ने कुलदीप वेदवान पर आरोप लगाया कि वो उनके कमरे में सुबह 4 बजे घुसे और उन्होंने उनके साथ गलत हरकत की. एथलीट ने 15-20 मिनट तक उनका विरोध किया और उन्हें दूसरी महिला खिलाड़ियों से मदद लेनी पड़ी.

कुलदीप वेदवान पर और गंभीर आरोप

कुलदीप वेदवान पर महिला एथलीट ने आरोप लगाया कि कोच ने उनसे माफी मांगी और कहा कि वो इस घटना के बारे में किसी को ना बताएं क्योंकि इससे उनका करियर खत्म हो सकता है. महिला एथलीट ने आरोप लगाया कि कुलदीप वेदवान ने होटल में भी उन्हें ये कहा कि वो उन्हें बड़ा खिलाड़ी बना देंगे अगर वो उनकी बात मानेंगी.

महिला एथलीट ने ये बात अपने परिवार को बताई और उन्होंने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड में इसकी कंप्लेंट की. वहां एक कमेटी जांच के लिए बैठाई गई और उन्होंने परिवार को सोनीपत पुलिस में शिकायत दर्ज करने की सलाह दी. पुलिस ने इस मामले को पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया. इस मामले की जांच महिला पुलिस ने की और अब दोषी कोच को सजा भी मिल गई है.