ब्रेट ली, रबाडा, कमिंस वाली एलीट लिस्ट में शामिल हो गए वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड

वेस्टइंडीज ने जीत के साथ T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज किया. कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रनों से हराया. हालांकि, वेस्टइंडीज की जीत से ज्यादा चर्चा उनके ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड (Romario Shepherd) की हो रही है.

कारण भी बहुत खास है. रोमारियाे टूर्नामेंट के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले नौवें गेंदबाज बन गए. वहीं, ये वर्ल्ड कप इतिहास की 10वीं हैट्रिक रही. ऑस्ट्रेलियाई पेसर एकमात्र बॉलर हैं, जिन्होंने T20 वर्ल्ड कप में दो हैट्रिक ली है.

रोमारियो ने झटके 5 विकेट

रोमारियो ने मुकाबले के दौरान 17वें ओवर में ये कारनामा किया. उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर मैथ्यू क्रॉस, माइकल लिस्क और ओलिवर डेविडसन को आउट कर ये रिकॉर्ड बनाया. इसके बाद उन्होंने उसी ओवर में सफयान शरीफ को भी पवेलियन भेजते हुए चौथा विकेट अपने नाम किया और स्कॉटलैंड की पारी को पूरी तरह झकझोर दिया. उन्होंने मैच में कुल 5 विकेट झटके.

T20 वर्ल्ड कप के इतिहास की बात करें तो, पहली बार हैट्रिक लेने का कारनामा ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने किया था. उन्होंने 2007 के T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में शाकिब अल हसन, मशरफे मुर्तजा और आलोक कपाली को लगातार तीन गेंदों पर आउट कर इतिहास रचा था.

T20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक की पूरी लिस्ट

बॉलर, बनाम, स्थान, वर्ष
ब्रेट ली बनाम बांग्लादेश, केपटाउन, 2007
कर्टिस कैंफर बनाम नीदरलैंड्स, अबू धाबी, 2021
वानिंदु हसारंगा बनाम साउथ अफ्रीका, शारजाह, 2021
कगिसो रबाडा बनाम इंग्लैंड, शारजाह, 2021
कार्तिक मेयप्पन बनाम श्रीलंका, जिलॉन्ग, 2022
जोश लिटिल बनाम न्यूजीलैंड, एडिलेड, 2022
पैट कमिंस बनाम बांग्लादेश, नॉर्थ साउंड, 2024
पैट कमिंस बनाम अफगानिस्तान, अर्नोस वेले, 2024
क्रिस जॉर्डन बनाम अमेरिका, ब्रिजटाउन, 2024
रोमारियो शेफर्ड बनाम स्कॉटलैंड, कोलकाता, 2026

रोमारियो शेफर्ड की इस शानदार बॉलिंग के दम पर वेस्टइंडीज ने मुकाबला बहुत आसानी से जीत लिया. T20I में शेफर्ड की ये दूसरी हैट्रिक है. ICC की फुल मेम्बर्स टीम की ओर से वो ऐसा करने वाले चौथे बॉलर हैं. उनसे पहले ये कारनामा अब तक सिर्फ लसिथ मलिंगा, टिम साउदी और पैट कमिंस ही कर पाए थे. कमिंस एकमात्र बॉलर हैं, जिन्होंने दोनों बार वर्ल्ड कप में ये कारनामा किया.

मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो, वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 182 रन बनाए. इस दौरान श‍ि‍मरॉन हेटमायर ने महज 36 गेंदों में 64 रन ठोके. हेटमायर ने अपनी इस पारी के दौरान 2 चौके और 6 छक्के लगाए. स्कॉटलैंड की ओर से ब्रैड क्यूरी ने सबसे अच्छी बॉलिंग की. उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट चटकाए. टारगेट को चेज करते हुए भी स्कॉटलैंड ने पूरा दमखम दिखाया. शुरुआती झटके लगने के बाद स्कॉटलैंड के लिए कप्तान बेरिंगटन और ब्रूस ने चौथे विकेट के लिए 46 गेंदों में 78 रनों की पार्टनरश‍िप की. हालांकि, इन दोनों के आउट होने के बाद पूरी टीम 18.5 ओवर में 147 रन पर ढेर हो गई.

Leave a Comment