बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग की वजह से इस टीम पर लगा लाखों का जुर्माना, 27 प्वाइंट भी कटे, अब होगी बाहर

इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट में बवाल ही हो गया है. लीस्टरशर काउंटी क्रिकेट क्लब पर मोटा जुर्माना लगाया गया है जिसकी वजह से वो काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन वन से भी बाहर होने वाली है.

गजब की बात ये है कि लीस्टरशर की टीम इसकी वजह बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग को बता रही है. आइए आपको बताते हैं क्या है मामला और आखिर क्यों इस टीम पर लाखों का जुर्माना लगा और साथ ही उसके 27 अंक भी कट गए?

लीस्टरशर पर बड़ा जुर्माना

 काउंटी क्रिकेट क्लब ने पिछले महीने अगस्त में ग्लैमरगन के खिलाफ 42 रनों की जीत हासिल की थी. इस जीत से उसे 19 अंक मिले. लेकिन मैच रेफरी ने लीस्टरशर की पिच को खराब रेटिंग दी क्योंकि पिच पर गेंद कभी ऊपर जा रही थी तो कभी नीचे. मैच में 43 बार अनियमित बाउंस देखा गया. साथ ही पिच पर दरारों के अलावा मिट्टी सखने और घास के गुच्छे बनने की समस्याएं थी. काउंटी सीजन से पहले ईसीबी ने नियम बनाया था कि खराब पिच बनवाने वाली टीम पर कड़ी कार्रवाई होगी और उसके जीत के अंक छीन लिए जाएंगे और यही लीस्टरशर के साथ हुआ.

लीस्टरशर को बहुत बड़ा नुकसान

  • क्रिकेट डिसिप्लिन पैनल ने ECB के पिच नियमों का उल्लंघन मानते हुए लीस्टरशर को सजा सुनाई.
  • लीस्टरशर के जीत के पूरे 19 अंक वापस ले लिए गए
  • अतिरिक्त 8 अंक की कटौती भी की गई जो कि अगले एक साल के लिए सस्पेंडेड है. मतलब ये अंक अगले साल कटेंगे.
  • टीम पर 5,000 पाउंड यानि लगभग साढ़े 6 लाख रुपये का जुर्माना लगा है.
  • लीस्टरशर को 27 अंकों का नुकसान हुआ है और ये टीम अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है. अब अगले सीजन ये टीम शायद ही डिविजन 1 में खेलेगी.

बॉलीवुड फिल्म की वजह से ऐसा हुआ?

गजब की बात ये है कि लीस्टरशर के हेड ग्राउंड्समैन कैलम लेविन ने सुनवाई के दौरान कहा कि हालात उनके हाथों से बाहर थे. इस मैच से चार दिन पहले अचानक बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग हो गई, इससे पिच को 8 घंटे तक कवर नहीं किया जा सका. साथ ही मौसम 35 डिग्री सेल्सियस तक गर्म था, जिससे मिट्टी बहुत सूख गई और क्रैक पड़ गए. पैनल ने माना कि ये कि जानबूझकर की गई गड़बड़ी नहीं थी लेकिन मैच की तैयारी में लापरवाही हुई. लीस्टरशायर क्लब अब अपील करने पर विचार कर रहा है, उसके पास अपील के लिए 10 दिन का समय है. हालांकि इसका वापस लिया जाना मुश्किल है.

Leave a Comment