की लीडरशिप में बड़ा बदलाव हुआ है। टीम की अनुभवी स्पिनर नाहिदा अख्तर को T20I टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। उन्हें एक साल के शुरुआती कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अगले महीने होने वाली ICC महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 बतौर कप्तान उनका पहला टूर्नामेंट होगा। वहीं, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज शोभना मोस्तरी को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
25 साल की नाहिदा ने निगार सुल्ताना की जगह ली है, जिन्होंने लंबे समय तक टीम की कमान संभाली। निगार ने 82 मुकाबलों में बांग्लादेश की कप्तानी की और इस दौरान टीम को 32 मैचों में जीत मिली। हालांकि, एशिया कप और एशियाई खेलों में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्होंने हाल ही में कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने नाहिदा पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम की अगुवाई करने की जिम्मेदारी दी है।
T20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
नाहिदा अख्तर बांग्लादेश की ओर से T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 132 विकेट हासिल किए हैं और उनका गेंदबाजी औसत 17.38 रहा है। इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आठ रन देकर पांच विकेट लेना है। ODI क्रिकेट में भी नाहिदा के नाम 81 विकेट दर्ज हैं।
उन्होंने सितंबर 2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। बीते सालों में अपनी लगातार प्रभावी गेंदबाजी के दम पर उन्होंने टीम में अहम जगह बनाई है। पाकिस्तान के खिलाफ 2023 में पांच विकेट लेने का उनका प्रदर्शन T20I करियर के यादगार पलों में शामिल है। इस साल T20 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर बांग्लादेश की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। नाहिदा ने पिछले तीन सालों में ODI क्रिकेट में पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाफ बांग्लादेश की जीत में भी योगदान दिया है। ऐसे में कप्तानी मिलने के बाद उनसे गेंदबाजी के साथ-साथ टीम को बेहतर दिशा देने की उम्मीद होगी।
शोभना मोस्तरी बनीं उपकप्तान
बांग्लादेश ने धाकड़ बल्लेबाज शोभना मोस्तरी को उपकप्तान नियुक्त किया है। शोभना ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI मुकाबले में शतक जड़कर इतिहास रचा था। अब देखना दिलचस्प होगा कि शोभना और नाहिदा की लीडरशिप में टीम कैसा प्रदर्शन करती है।