बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मोमिनुल हक को सिर में लगी भयंकर चोट, कन्कशन सब्सटीट्यूट बने जाकेर अली

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन फील्डिंग करते समय सिर में चोट लगने के कारण, बांग्लादेश के तीन नंबर के बल्लेबाज मोमिनुल हक की जगह ‘कन्कशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर जाकेर अली को टीम में शामिल किया गया है।

मोमिनुल हक को यह चोट लंच ब्रेक के ठीक बाद वेस्टइंडीज की पहली पारी के 78वें ओवर में उस समय लगी, जब वह बल्ले के काफी करीब एक कैच पकड़ने का प्रयास कर रहे थे।

मोमिनुल को लगी चोट

बल्लेबाज जोशुआ बिशप ने मेहदी हसन मिराज की ऑफ-स्पिन गेंद को जोर से डिफेंड किया, जिससे गेंद शॉर्ट-लेग पर फील्डिंग कर रहे मोमिनुल के बाईं ओर तेजी से गई। मोमिनुल ने गेंद को पकड़ने के लिए छलांग लगाई, लेकिन उनका गेंद पर से नियंत्रण छूट गया और वह हेलमेट पहने हुए ही मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया।

फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान का बयान

बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने एक बयान में बताया कि मोमिनुल के “सिर में चोट” लगी है। उन्होंने कहा, “चूंकि उनमें कन्कशन (सिर की चोट से जुड़े लक्षण) के संकेत दिखे हैं। इसलिए मैच के बाकी हिस्से के लिए उनकी जगह जाकेर अली को ‘कन्कशन सब्स्टिट्यूट’ के तौर पर शामिल किया गया है।”

बाद में, जब बंगलादेश ने अपनी दूसरी पारी में अपना तीसरा विकेट गंवाया, तो जाकेर अली बल्लेबाजी के लिए पैड पहने हुए तैयार दिखे। जल्द ही उन्हें मैदान पर उतरना पड़ा, क्योंकि कप्तान नजमुल हुसैन शांतो, रोस्टन चेस की गेंद पर आउट हो गए। यह इस पारी में वेस्टइंडीज के कप्तान (चेस) का तीसरा विकेट था। जाकर ने अभी अपना खाता खोला ही था कि बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा और चाय का ब्रेक समय से पहले लेना पड़ा। शांतो ने मोमिनुल की नियमित नंबर 3 पोजीशन पर बल्लेबाजी की थी।

जाकेर के लिए यह 16 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी है – इससे पहले उन्होंने जून 2025 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। उनके सामने एक बड़ी चुनौती थी, क्योंकि चाय के ब्रेक तक बंगलादेश ने अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 34 रन बनाए थे, और उनके पास केवल 61 रनों की बढ़त थी।

Leave a Comment