पृथ्वी शॉ ने रणजी में लगाई दूसरी फिफ्टी, टीम इंडिया में वापसी करने की जताई इच्छा

पृथ्वी शॉ ने गुरुवार को महाराष्ट्र के लिए रणजी ट्रॉफी में दमदार अर्धशतक लगाया। महाराष्ट्र ने ईडन गार्डन्स में खेले गए रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले में बंगाल को 10 विकेट से हराया।

शॉ की रणजी ट्रॉफी के जारी सीजन में दूसरी फिफ्टी है। उन्होंने बंगाल के खिलाफ 50 गेंद में 53 रन बनाए और अपनी पारी के दौरान तीन चौके और चार छक्के लगाए। पृथ्वी का मानना है कि भारतीय टीम में वापसी को लेकर वह सोचते हैं और ये बात उनके दिमाग में चलती रहती है। हालांकि उन्होंने कहा है कि उनका अनुभव यही कहता है कि उन्हें ज्यादा दूर की नहीं सोचनी चाहिए और घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन करना जारी रखना चाहिए। पृथ्वी शॉ (नाबाद 53) और सचिन धस (नाबाद 61) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर महाराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले में बंगाल को 10 विकेट से हराया।

इंडिया टीम की वापसी पर बोले पृथ्वी शॉ

इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के कुछ साल बाद शॉ को कफ सिरप में पाए जाने वाले एक प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन करने के कारण आठ महीने के निलंबन का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद से वह ऑफ फील्ड गलत कारणों की वजह से ज्यादा चर्चा में रहे और फिर आईपीएल में भी उन्हें टीमों ने भाव देना बंद कर दिया। हालांकि पिछले कुछ महीने से वह वापसी के रास्ते पर काम कर रहे। पृथ्वी शॉ ने इंडिया टीम में वापसी के सवाल पर कहा, ”मेरे दिमाग में भी ये चलता रहता है, वहां पर खेलने के लिए ही यहां पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। लेकिन मैंने अनुभव से यह सीखा है कि मुझे इतना आगे सोचकर नहीं चलना चाहिए। जैसे कि अभी मैं इंटरव्यू दे रहा हूं। इसके बाद, मैं कमरे में जाऊंगा और फिर सोचूंगा कि क्या करना है। मैं इससे ज्यादा आगे नहीं सोचता। बस मैच जीतते रहो। अच्छी ट्रेनिंग करो। अच्छा खाओ।”

पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी की सात पारियों में दो अर्धशतक लगाए हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर दिल्ली के खिलाफ आया, जिसमें उन्होंने 70 रन बनाए। लेकिन उसके बाद वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए और 7, 21, 0, 17 और 12 स्कोर किया।

उन्होंने आगे कहा, ”मुझे लगता है मैच में कुछ पारियां खराब जाएंगी और कुछ अच्छी जाएंगी। आउट होने के बाद मैं ज्यादा टेंशन नहीं लेता हूं क्योंकि कुछ गेंदें बहुत अच्छी थीं और कुछ में मैं अपने ही शॉट खेलते हुए आउट हुआ हूं। इसलिए मुझे लगता है कि इन सभी पारियों में शुरुआत को लेकर कोई समस्या नहीं है। बल्लेबाजी अच्छी हो रही है, कुछ भी गलत नहीं हो रहा है। यह बस एक अच्छी पारी की बात है।”

Leave a Comment