वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या के बीच उम्र का जरूर फासला है, मगर इनके बीच का याराना गजब है. कमाल की बात ये है कि दोनों यारों ने पिच पर एक ही दिन आग लगाई. प्रियांश आर्या ने पहले अपने नाम के झंडे गाड़े.
फिर वैभव सूर्यवंशी ने जो किया, उसके लिए दुनियावालों के पास विशेषण कम पड़ गए. दिन एक था. ठिकाने अलग-अलग. खेलने का अंदाज एक था. फॉर्मेट जुदा-जुदा. मगर कार्तिक पुर्णिमा के दिन गुरु नानक जयंती के शुभ अवसर पर वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या ने क्रिकेट के 22 गज के एरिया में दिन-दहाड़े जो किया, उससे उन्होंने मेला लूट लिया. इस लूट में तमाम रिकॉर्डों की बलि चढ़ाने के लिए दुनिया तो उनके लिए ताली बजा ही रही है, दोनों एक-दूसरे की बड़ाई करने में भी पीछे नहीं रह रहे.
प्रियांश आर्या ने पहले मचाई तबाही
बड़ाई की शुरुआत प्रियांश आर्या ने की. पहले तबाही भी क्रिकेट की पिच पर उन्होंने ही मचाई थी. सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी 2026 में 24 नवंबर को तमिलनाडु के खिलाफ खेले मुकाबले में प्रियांश ने दिल्ली के कप्तान और ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर खेलते हुए सिर्फ 68 गेंदों में ही 19 छक्कों के साथ181 रन ठोक दिए. 266 की स्ट्राइक रेट से खेली उनकी इस इनिंग में T20 क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड स्वाहा हुए.
वैभव की बल्लेबाजी, जैसे वीडियो गेम- प्रियांश आर्या
भारतीय जमीन पर T20 का सबसे बड़ा तूफान मचाकर प्रियांश ने SMAT 2026 में दिल्ली को तो तमिलनाडु के खिलाफ बंपर जीत दिलाई. मगर उसके बाद उन्होंने देखी वैभव सूर्यवंशी की इनिंग, जो वो भारतीय जमीन से हजारों किलोमीटर दूर दोहा में खेल रहे थे. इंडिया ए से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने दोहा में UAE के खिलाफ खेले लिस्ट ए के मुकाबले सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन बनाए, जिसमें 28 छक्के मारे.
अब प्रियांश ने जब वैभव की छक्के से भरपूर और 384 से भी ज्यादा की स्ट्राइक रेट वाली इनिंग देखी तो उनसे उसकी तारीफ किए बगैर रहा नहीं गया. प्रियांश आर्या ने वैभव सूर्यवंशी को खेलते देख, उन्हें छक्के लगाते देख कहा कि वो ऐसे बल्लेबाजी कर रहा था, जैसे वीडियो गेम खेल रहा हो.
वैभव ने प्रियांश की आतिशी पारी के लिए कहा एक शब्द
जमाना सोशल मीडिया का है. ऐसे में प्रियांश आर्या ने जो कहा वो बात वैभव सूर्यवंशी तक पहुंचने में टाइम नहीं लगा. प्रियांश से अपने लिए दो लब्ज सुनने के बाद उनकी 181 रन वाली विस्फोटक पारी पर एक प्रतिक्रिया वैभव ने भी दी. बस फिर क्या था, उन्होंने अपना मोबाइल उठाया और प्रियांश की फोटो इंस्टा स्टोरी में लगाते हुए उनकी तूफानी शतकीय पारी को नाम दिया- अद्भुत.

वैभव-प्रियांश का अंदाज और मिजाज एक
वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या का सिर्फ याराना ही गजब नहीं है. बल्कि दोनों का मिजाज और अंदाज भी एक जैसा है. वैभव और प्रियांश, दोनों ही बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. दोनों को ही ओपनिंग पसंद हैं. दोनों ही आक्रामक हैं और दोनों ही गेंदबाजों के लिए काल है.