पावरप्ले में ही आधी टीम आउट, न्यूजीलैंड का बुरा हाल, साउथ अफ्रीका ने सिर्फ इतने रन पर किया ढेर

New Zealand vs South Africa 1st T20I: साउथ अफ्रीका की टीम इस समय न्यूजीलैंड के दौरे पर है. दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. सीरीज का पहला मैच माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला गया. इस मुकाबले में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की फाइनलिस्ट न्यूजीलैंड टीम का बुरा हाल देखने को मिला. कीवी टीम अपने घर पर 15 ओवर भी नहीं खेल की और सस्ते में ढेर हो गई. युवा खिलाड़ियों के साथ उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने कमाल की गेंदबाजी की.

सस्ते में ढेर हुई न्यूजीलैंड टीम

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका का पहला टी20 मैच क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ा मजेदार ड्रामा साबित हुआ, लेकिन न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी के लिए दर्दनाक रहा. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, पावरप्ले में ही 5 विकेट गंवा दिए और सिर्फ 36 रन बनाए. यह टी20 क्रिकेट में कीवी टीम के लिए सबसे शर्मनाक शुरुआतों में से एक थी. न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे. डेवन कॉनवे पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए. टॉम लैथम भी 7 रन से आगे नहीं बढ़ सके. टिम रॉबिन्सन ने भी 6 रन का ही आंकड़ा छुआ. फिर निक केली 2 रन और बेवन जैकब्स 10 रन बनाकर आउट हो गए.

इसके बाद कप्तान मिचेल सैंटनर ने 15 रन और जेम्स नीशम ने 26 रन बनाकर टीम की पारी को संभालने का काम किया, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. कोल मैककॉन्ची भी 15 रन का ही योगदान देने में कामयाब रहे. जिसके चलते कीवी टीम 14.3 ओवर में 91 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

डेब्यू पर चमके नकोबानी मोकोएना

साउथ अफ्रीका की ओर से डेब्यू कर रहे नकोबानी मोकोएना ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने 3.3 ओवर में सिर्फ 26 रन खर्च किए और 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. वह साउथ अफ्रीका के सबसे सफल गेंदबाज रहे. वहीं, तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी ने भी 2 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. ओटनेल बार्टमैन ने भी 2 सफलता अपने नाम कीं. इनके अलावा केशव महाराज ने भी 2 विकेट चटकाए.