पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए तैयार भारत, नेपाल पर रिकॉर्ड जीत के बाद बोले तिलक वर्मा- हमारे लिए बस एक और गेम

एशिया कप राइजिंग स्टार 2026 में नेपाल पर रिकॉर्ड जीत दर्ज करने के बाद भारत का अगला मुकाबला 22 नवंबर को पाकिस्तान ए के खिलाफ है। यह इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला होगा, जिसका हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

हालांकि भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि उनके और टीम के लिए यह मैच एक अन्य मैच जैसा ही होगा। भारत ने टूर्नामेंट का आगाज नेपाल पर 306 रनों की ऐतिहासिक जीत के साथ किया है। कुमार कुशाग्र और कप्तान तिलक वर्मा के शतकों के दम पर भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 332 रन बोर्ड पर लगाए थे, इस स्कोर का पीछा करते हुए नेपाल की पूरी टीम मात्र 26 रनों पर ही सिमट गई। यह लिस्ट ए क्रिकेट का 5वां सबसे छोटा स्कोर है। वहीं भारत ने लिस्ट ए क्रिकेट में पहली बार 300 से अधिक रनों से कोई मैच जीता।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए बोले तिलक- हमारा फोकस बेसिक्स पर

मैच के बाद जब भारतीय कप्तान तिलक वर्मा से पाकिस्तान ए के खिलाफ आगामी हाईवोल्टेज मैच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “बस अपने बेसिक्स पर फोकस करना चाहते हैं। हमारे लिए बस एक और गेम है।”

कुमार कुशाग्र की जमकर की तारीफ

कप्तान ने कहा, “हमने आज बहुत अच्छा काम किया है। अपनी बैटिंग से सच में खुश हूं। विकेट थोड़ा चैलेंजिंग था। रन बनाना आसान नहीं था। लेकिन जिस तरह से मैं और कुमार खेले, उस पर सच में गर्व है। मैं और कुमार बस यही बात कर रहे थे – नए बैटर के लिए बैटिंग करना आसान नहीं है। इसलिए हम इसे जितना हो सके उतना आगे ले जाना चाहते थे।”

280 था भारत का टारगेट, लेकिन बना दिए 332 रन

तिलक वर्मा आगे बोले, “हम दोनों बात कर रहे थे कि 280 एक अच्छा स्कोर होगा। इनिंग्स के आखिर में जिस तरह से सूर्यांश ने फिनिश किया, वह देखने में बहुत बढ़िया था। उनके लिए सच में इंपॉर्टेंट था, इंजरी से वापस आकर इस तरह की बॉलिंग करना।”

इंडिया ए वर्सेस नेपाल हाइलाइट्स

कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के तूफानी शतकों की बदौलत भारत ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 50 ओवर टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रन से करारी शिकस्त दी। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को शुरुआती झटके लगे। लेकिन इसके बाद तिलक और कुशाग्र ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम को नौ विकेट पर 332 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी निभाई। तिलक ने 113 गेंद में छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 107 रन की पारी खेली। कुशाग्र ने उनसे भी अधिक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंद में 10 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 117 रन बनाए।

अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी की, उन्होंने केवल 14 गेंद में नाबाद 36 रन बनाए। नेपाल की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर ललित राजबंशी (61 रन पर तीन विकेट) और लेग स्पिनर संदीप लामिछाने (61 रन पर तीन विकेट) ने छह विकेट साझा किए जबकि मध्यम गति के गेंदबाज नंदन यादव ने 49 रन देकर दो विकेट लिए।

टारगेट का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और प्रिंस यादव की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। दोनों ने मिलकर नौ विकेट झटके और नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में केवल 26 रन पर सिमट गई।

हर्षित ने 16 रन देकर चार विकेट लिए जबकि प्रिंस यादव ने केवल छह रन देकर पांच विकेट हासिल किए।

Leave a Comment