नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट राइवलरी मैदान पर भले ही फीकी नजर आती है। लेकिन दोनों देशों के फैंस का क्रेज हमेशा चरम पर रहता है। बीते कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट में शानदार बदलाव हुए हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच माइक हेसन का भी यही मानना है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया पाकिस्तान से कोसों आगे है।
माइक हेसन ने भारत-पाकिस्तान की टीमों पर दिया बयान
भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जाती है। सिर्फ मल्टी नेशन टू्र्नामेंट में दोनों टीमों का आमना सामना होता है जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। माइक हेसन का कहना है कि भारत का क्रिकेट पाकिस्तान से काफी आगे है। उन्होंने कहा, ‘पिछले साल एशिया कप में हम सभी टीमों से जीते लेकिन भारत से हार गए थे। सच्चाई ये है कि मौजूदा समय में दुनिया की हर टीम भारत को हराने में संघर्ष कर रही है। टीम इंडिया की क्रिकेट फिलहाल पाकिस्तान से काफी आगे है।’
भारत के खिलाफ मुकाबलों से होती है तुलना
माइक हेसन का ये भी मानना है कि पाकिस्तान का आकलन भारत के खिलाफ मुकाबलों से किया जाता है। उन्होंने कहा, पाकिस्तान की टीम को देखा जाता है कि वे भारत के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करती है। टी20 विश्व कप में हम सुपर-8 चरण में हैरी ब्रूक के शतक और बेहद करीबी मुकाबले के बाद इंग्लैंड से हार गए थे। उसके अलावा हमने भारत को छोड़कर अपने सभी अन्य मैच जीते थे।
पाकिस्तान अभी ट्रॉफी का दावेदार नहीं बन सकता
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए माइक हेसन ने कहा कि पाकिस्तान की टीम 8वीं रैंकिंग से सीधे खिताब की दावेदार नहीं बन सकती है। हालांकि बीते 1 साल में उनका विंनिंग परसेंटेज बढ़ गया है। माइक हेसन ने कहा, ‘2023 से 2025 के बीच हम आईसीसी टूर्नामेंटों में ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाए। इसलिए आप दुनिया की 8वीं रैंकिंग वाली टीम से अचानक खिताब की दावेदार नहीं बन सकते। जब तक कि आप नियमित रूप से क्रिकेट मैच जीतना शुरू न करें। हमारे लिए एक साल में लगभग 20 प्रतिशत मैच जीतने से बढ़कर करीब 75 प्रतिशत मैच जीतना एक बड़ी उपलब्धि है।’