पांचवां टी20: वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, 9-9 ओवरों का होगा मैच, 4 साल बाद भुवी की वापसी

बेंगलुरु, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। बारिश के चलते यह मैच 9-9 ओवरों का होगा।

इस मुकाबले के साथ तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार करीब 4 साल बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। उनके अलावा, शिवम दुबे भी भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं। पांच मुकाबलों की सीरीज फिलहाल 2-2 से बराबरी पर है। ऐसे में यह मैच जीतने वाली टीम सीरीज भी अपने नाम करेगी।

तय समय के अनुसार टॉस शाम साढ़े 6 बजे होना था, लेकिन बारिश के बाद यह रात 9 बजे हुआ। अब मुकाबला रात 9.15 से शुरू होगा। पावरप्ले 2.4 ओवर का होगा।

भुवनेश्वर कुमार भारत के लिए पिछली बार नवंबर 2022 में टी20 मैच खेले थे, जिसके बाद वह कभी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना सके। आईपीएल में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद आखिरकार भुवी ने लंबे वक्त बाद अंतिम एकादश में अपना स्थान बनाया है।

टॉस जीतने के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। बारिश की आशंका है, लेकिन पिच अच्छी है। इससे हमें लक्ष्य का पीछा करने का सबसे अच्छा मौका मिलेगा। हमारी टीम में कई बल्लेबाज हैं। हमारा पूरा ध्यान गेंदबाजी पर है, क्योंकि यह एक छोटा मैच है। मैं बस यही चाहता हूं कि हम सीरीज का समापन मजबूती से करें। सभी खिलाड़ी इसके लिए उत्साहित हैं।”

वहीं, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “विकेट काफी अच्छा लग रहा है। हमें बस आक्रामक रहना है, बहुत ज्यादा दबाव नहीं लेना। मैच पर अपनी पकड़ बनाना जरूरी है। अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना अहम है। उनके (वेस्टइंडीज) पास कई तरह के शॉट्स हैं, वे बहुत मजबूत और दमदार क्रिकेट खेल रहे हैं। हमें अपनी ताकत पर भी ध्यान देना होगा। हमारी टीम में दो बदलाव हुए हैं – शिवम दुबे और भुवी की वापसी हुई है।”

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम करने के बाद भारत ने टी20 सीरीज का पहला मैच 8 विकेट से जीता, जिसके बाद वेस्टइंडीज ने अगले मैच को 6 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। टीम इंडिया ने सीरीज का तीसरा मैच 14 रन से अपने नाम करते हुए एक बार फिर से बढ़त बना ली, लेकिन अगले मुकाबले को मेहमान टीम ने 24 रन से जीता और सीरीज में फिर से बराबरी हासिल कर ली।

भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह।

वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, शमार स्प्रिंगर, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ।

Leave a Comment