न्यूजीलैंड दौरे के लिए शुक्रवार को दो अलग-अलग वनडे टीम का ऐलान कर दिया गया। बाकी दो मुकाबले में शुभमन गिल नहीं खेलेंगे, लेकिन इसके बावजूद यशस्वी जायसवाल को मौका नहीं मिला। भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने यशस्वी जायसवाल को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला के लिए टीम से बाहर किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे इस सलामी बल्लेबाज के आत्मविश्वास पर असर पड़ता है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे और टेस्ट टीम की घोषणा की। जायसवाल को वनडे टीम में नहीं चुना गया जो अश्विन को नागवार गुजरा।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”अगर शुभमन गिल आखिरी दो वनडे नहीं खेल रहे हैं, तो निश्चित रूप से उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को चुना जाना चाहिए था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि इससे उनका आत्मविश्वास टूट सकता है।”
उन्होंने कहा, ”मैं शुभमन गिल और केएल राहुल की स्थिति को समझ सकता हूं। लेकिन यशस्वी जायसवाल को तो खेलने का बिल्कुल भी मौका नहीं मिल रहा है। मुझे लग रहा है कि इससे उसका आत्मविश्वास टूट रहा है। अगर आप उसकी बल्लेबाजी देखें तो वह दो-तीन साल पहले की तरह बल्लेबाजी नहीं कर रहा है।”
जायसवाल ने जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला के आखिरी मैच में 86 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए थे। उन्हें विराट कोहली के चोटिल होने के कारण टीम में लिया गया था।
अश्विन ने कहा कि यह सुनिश्चित करना चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि वे जब भी संभव हो तब इस युवा सलामी बल्लेबाज को मौका दे।
उन्होंने कहा, ”वह रन मशीन था। अगर उसका आत्मविश्वास टूट रहा है, तो टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं को चाहिए कि जब भी संभव हो तब उसे मौका मिले। लेकिन उसे बिल्कुल भी मौके नहीं मिल रहे हैं और यह बहुत अन्यायपूर्ण है।”