भारतीय महिला क्रिकेटर निकी प्रसाद ने इंटरनेशनल मैच में वो कारनामा करके दिखा दिया है, जो आज तक को पुरुष खिलाड़ी भी नहीं कर पाया। जिम्बाब्वे के खिलाफ जारी 3 मैच की टी20 सीरीज के पहले मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली निकी ने पहले मैच में तो अपने बल्ले से दमखम दिखाया।
जब भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 19 रन था, तब 20 साल की निकी ने सीनियर प्लेयर दीप्ति शर्मा के साथ पारी को संभाला और टीम इंडिया को जीत दिलाी। निकी ने उस दौरान 39 रनों की शानदार पारी खेली थी। हालांकि पहले मैच में उन्हें बॉलिंग का मौका नहीं मिला। उनकी यह कसक दूसरे टी20 में कप्तान स्मृति मंधाना ने दूर कर दी। निकी ने भी कप्तान को निराश नहीं किया और करियर की पहली दो गेंदों पर 2 विकेट लेकर इतिहास रच दिया।
निकी प्रसाद का ऐतिहासिक कारनामा
स्मृति मंधाना ने 15वें ओवर में निकी प्रसाद को बॉल थमाई और उन्हें अपना ऑलराउंडर स्किल दिखाने का मौका दिया। निकी ने कप्तान को निराश नहीं किया और पहली दो गेंदों पर 2 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। पहली गेंद पर उन्होंने सेट बैटर चिपो मुगेरी-तिरिपानो को 34 के निजी स्कोर पर आउट किया। विकेट के पीछे ऋचा घोष ने शानदार कैच पकड़ा। दूसरी गेंद पर उन्होंने न्याशा ग्वानजुरा को LBW आउट कर अपना दूसरा शिकार बनाया। हैट्रिक पर पहुंची निकी ने तीसरी गेंद पर भी नईं बैटर को विकेट के आगे फंसा लिया था। भारत ने जोर से LBW की अपील की, हालांकि उन्हें अंपायर का साथ नहीं मिला। निकी प्रसाद ने हालांकि करियर की पहली दो गेंदों पर 2 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वह भारत के मेंस और विमेंस क्रिकेट में करियर की पहली दो गेंदों पर दो विकेट लेने वाली पहली बॉलर बनीं।
निकी प्रसाद कोहली-अगरकर की लिस्ट में भी शामिल
निकी ने करियर की पहली गेंद पर विकेट लेकर विराट कोहली और अजीत अगरकर जैसे दिग्गजों की लिस्ट में अपनी जगह भी बनाई। टी20 करियर की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले भारतीय की लिस्ट में अब निकी का नाम जुड़ गया है। इससे पहले तीन पुरुष खिलाड़ियों ने ऐसा किया था, जब निकी इस मुकाम को हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। अजीत अगरकर ने 2006 में अपना टी20 डेब्यू करते हुए पहली गेंद पर हर्षल गिब्स का विकेट लिया था, वहीं प्रज्ञान ओझा ने 2009 में शाकिब अल हसन के रूप में अपना पहला विकेट पहली गेंद पर चटकाया था। विराट कोहली का नाम भी इस लिस्ट में हैं। कोहली अब बहुत ही कम गेंदबाजी करते हैं, मगर पहले उन्हें काफी शौक था। एमएस धोनी की अगुवाई में जब उन्हें 2011 में पहली बार गेंद मिली थी तो उन्होंने वाइड बॉल पर केविन पीटरसन को स्टंप आउट किया था। कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में बिना गेंद डाले विकेट लेने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।