नमो क्रिकेट लीग में कुरुक्षेत्र, नोएडा, पानीपत, जींद और समालखा की टीमें जीतीं

पंचकूला। ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर-3 में चल रही नमो क्रिकेट लीग में विभिन्न मुकाबले खेले गए। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों ने भी क्रिकेट का जमकर आनंद लिया।

कुरुक्षेत्र किंग्स, नोएडा नाइट्स, पानीपत पैंथर्स, जींद जगुआर्स और समालखा सुपरस्टार्स ने अपने-अपने मुकाबले जीत दर्ज की। नमो क्रिकेट लीग का आयोजन सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन तरुण भंडारी की ओर से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मीडिया कोआर्डिनेटर संजीव सूद ने बताया कि खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इसके अलावा चौके और छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों को भी अलग से नगद पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।
कुरुक्षेत्र किंग्स ने 38 रन से जीता मुकाबला
कुरुक्षेत्र किंग्स ने रेवाड़ी-भिवानी रॉयल्स को 38 रन से हराया। कुरुक्षेत्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में छह विकेट पर 108 रन बनाए। जवाब में रेवाड़ी-भिवानी रॉयल्स की टीम 10 ओवर में नौ विकेट पर 70 रन ही बना सकी। शमशेर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। रितेश नोनू ने 44 रन बनाए, जबकि दिगशांत वासु ने चार विकेट हासिल किए।
नोएडा नाइट्स ने 12 रन से दर्ज की जीत
फरीदाबाद फाल्कन्स और नोएडा नाइट्स के बीच खेले गए मुकाबले में नोएडा ने 12 रन से जीत हासिल की। नोएडा नाइट्स ने 10 ओवर में छह विकेट पर 116 रन बनाए। फरीदाबाद फाल्कन्स की टीम 10 ओवर में छह विकेट पर 104 रन ही बना सकी। कपिल डैजलर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। सुरेश कुमार रैना ने 37 रन बनाए, जबकि अनिल कुमार ने दो विकेट लिए।
पानीपत पैंथर्स ने मेरठ को 23 रन से हराया
मेरठ मावेरिक्स के खिलाफ पानीपत पैंथर्स ने 23 रन से जीत दर्ज की। पानीपत ने 10 ओवर में पांच विकेट पर 90 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ की टीम नौ ओवर में 67 रन पर ऑलआउट हो गई। आकाश राजपूत ने 57 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। राजत गुज्जर ने तीन विकेट हासिल किए।
जींद जगुआर्स ने चार ओवर में हासिल किया लक्ष्य
जींद जगुआर्स ने रोमांचक मुकाबले में लखनऊ लेजेंड्स को छह विकेट से हराया। लखनऊ ने 10 ओवर में आठ विकेट पर 42 रन बनाए। जींद ने महज चार ओवर में चार विकेट गंवाकर 45 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। सुनील नैन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। संदीप (डैनी) ने 21 रन बनाए, जबकि सुनील नैन ने दो विकेट हासिल किए।
समालखा सुपरस्टार्स ने एक रन से मारी बाजी
समालखा सुपरस्टार्स और यमुनानगर योद्धास के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ। समालखा ने सात ओवर में छह विकेट पर 72 रन बनाए। जवाब में यमुनानगर की टीम 10 ओवर में 71 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह समालखा ने मुकाबला महज एक रन से जीत लिया। ऋषभ त्यागी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दीपक बिल्ली ने 27 रन बनाए और ऋषभ त्यागी ने तीन विकेट झटके।
आज पहुंचेंगे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
नमो क्रिकेट लीग के ग्रैंड फिनाले के तहत स्टेडियम में क्रिकेट के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। लीग में कलाकारों, संतों और क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों की भी मौजूदगी रही है। शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचेंगे। इस अवसर पर मुकेश सिंगला, विनय धीर, संजीव सूद, दीपक गर्ग, नीरज चौधरी, राकेश जगोता, अनुराधा पुरी, नरेश सिंगला सांवरियरा, राकेश गर्ग बिट्टू, कपिल भट्ट, बाबी सिंह, परमजीत कौर सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Comment