दूसरा केएन सिंह स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट: मेजबान विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी ने एसआर इंटरनेशनल को दी शिकस्त

लखनऊ : शहर के एसएआर स्पोर्ट्स ग्राउंड पर खेले गए दूसरे केएन सिंह मेमोरियल अंडर-19 अंतरविद्यालयीय क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी (वीएमए), बीकेटी ने एसआर इंटरनेशनल स्कूल को करारी शिकस्त दी।

मैच में रुद्र की 42 रनों की शानदार पारी रही अहम :

वीएमए की पारी: पहले बल्लेबाजी करते हुए विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी ने 15 ओवरों में 8 विकेट पर 125 रन बनाए। इसमें रुद्र की 42 रनों की शानदार पारी अहम रही। एसआर इंटरनेशनल की तरफ से दर्श प्रताप सिंह और दिव्यांशु राय ने 2-2 विकेट चटकाए।

एसआर इंटरनेशनल की पारी: जवाब में उतरी एसआर इंटरनेशनल स्कूल की पूरी टीम 67 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से अक्षत मुकेश ने सर्वाधिक 23 रन बनाए।

घातक गेंदबाजी: वीएमए की सधी हुई गेंदबाजी के आगे विपक्षी टिक नहीं सके। आरुष सिंह (2/5), अखिलेश यादव (2/13), दीपक गुप्ता (2/14) और फरहान बेग (2/20) ने दो-दो विकेट झटककर टीम की जीत पक्की कर दी।

केएन सिंह की स्मृति में आयोजित हुआ टूर्नामेंट :

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष और विद्यालय के संस्थापक स्व. केएन सिंह की स्मृति में आयोजित इस 15-ओवर फॉर्मेट के टूर्नामेंट में कुल 12 प्रतिष्ठित स्कूल हिस्सा ले रहे हैं। 3 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन वीएमए के अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस उमेश कुमार सिंह, एसआर ग्रुप के उपाध्यक्ष पीयूष सिंह चौहान और सीएमएस के खेल प्रमुख देवेंद्र नाथानी ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Comment