PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के एक रोमांचक मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर आजम का गुस्सा देखने को मिला. बुधवार 8 अप्रैल को कराची के नेशनल स्टेडियम में पेशावर जाल्मी ने हैदराबाद किंग्समेन को हरा दिया.
मैच जीतने के बाद जब एक पत्रकार ने बाबर से विराट कोहली की तुलना का सवाल पूछा तो बाबर अचानक आगबबूला हो गए.
पत्रकार ने कहा कि बाबर की तुलना अक्सर विराट कोहली से की जाती है, लेकिन कोहली मैच फिनिश करने में ज्यादा बेहतर माने जाते हैं. यह सवाल सुनते ही बाबर का मूड बदल गया.
उन्होंने सख्त लहजे में कहा, ‘यह यहीं खत्म करें. ऐसी बातें अपने पास रखें. तुलना बंद करें. यह आपकी गलतफहमी है कि मैंने मैच फिनिश नहीं किए.’ बाबर का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस के बीच जोरदार बहस शुरू हो गई.
मैच में बाबर का प्रदर्शन
मैच में बाबर आजम ने पेशावर जाल्मी को अच्छी शुरुआत दी. उन्होंने 37 गेंदों पर 43 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल थे. कुसल मेंडिस के साथ उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की, लेकिन 15वें ओवर में बाबर के आउट होने के बाद मैच रोमांचक हो गया.
आखिर में इफ्तिखार अहमद ने नाबाद 15 रन बनाकर टीम को आखिरी गेंद पर 146 रनों का लक्ष्य हासिल करने में मदद की. इस जीत के साथ पेशावर जाल्मी पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है.
PSL 2026 में बाबर का प्रदर्शन
इस सीजन में बाबर आजम ने अब तक 2 मैच खेले हैं. उन्होंने 41.00 की औसत और 126.15 की स्ट्राइक रेट से 82 रन बनाए हैं.बाबर की कप्तानी में पेशावर जाल्मी अब अगले मैच में कराची किंग्स से भिड़ेगी.
कोहली-बाबर की पुरानी तुलना
विराट कोहली और बाबर आजम की तुलना पिछले कई सालों से क्रिकेट फैंस और मीडिया में होती रही है. दोनों ही बल्लेबाज अपनी क्लासिक स्टाइल, निरंतरता और बड़े रिकॉर्ड्स के लिए मशहूर हैं. बाबर ने 2021 में ODI रैंकिंग में कोहली को पीछे छोड़ा था और 2023 में सबसे तेज 5000 ODI रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया.
बाबर कई बार कोहली का सम्मान जता चुके हैं और उन्हें दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार करते हैं, लेकिन लगातार होने वाली तुलना अब बाबर को परेशान करने लगी है.