पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर सलमान आगा के लिए पिछले कुछ हफ्ते बहुत उतार-चढ़ाव वाले रहे हैं. इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने एक टेस्ट मैच में पाकिस्तानी टीम की कप्तानी की लेकिन अगले ही मैच से उन्हें बाहर कर दिया गया और वापस पाकिस्तान लौटा दिया गया.
फिर हाल ही में उनसे टी20 टीम की कप्तान छीन ली गई और टीम से भी छुट्टी हो गई. अब इन सबका जवाब सलमान ने शानदार शतक से दिया है. श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में सलमान ने 107 रन की बेहतरीन पारी खेली.
रावलपिंडी में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तानी टीम पहले बैटिंग करने उतरी थी. मगर 118 रन तक ही टीम के टॉप-4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे, जिसमें बाबर आजम भी शामिल थे. ऐसी स्थिति में सलमान आगा ने पांचवें नंबर पर आकर टीम के लिए एक लाजवाब पारी खेली. हसन नवाज को छोड़कर सलमान आगा को किसी अन्य बल्लेबाज का साथ नहीं मिला.
पूर्व पाकिस्तानी टी20 कप्तान ने इसके बावजूद सारी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और अकेले श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. उन्होंने 82 गेंदों में ही अपना शतक पूरा किया, जो वनडे क्रिकेट में उनका चौथा शतक है. इसमें से दूसरा शतक श्रीलंका के खिलाफ आया है. आगा ने 90 गेंदों में 107 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 1 छक्का शामिल था.
सलमान आगा की इस पारी की बदौलत ही पाकिस्तान ने किसी तरह 305 रन का स्कोर खड़ा किया. उनके अलावा टीम के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने 45 रन की पारी खेली. वहीं अपना डेब्यू कर रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज साद बेग ने 39 और हसन नवाज ने 37 रन बनाए. श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज इशान मलिंगा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, जिसमें बाबर आजम भी शामिल थे.