टी20 विश्व कप को लेकर श्रीलंका में तैयारी जोड़ो पर, सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में लगाई गईं नई फ्लडलाइट्स

ICC Men’sT20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में अगले महीने शुरू होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से पहले सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) का बड़े पैमाने पर नवीनीकरण किया गया है.

इस प्रतिष्ठित स्टेडियम में नई फ्लडलाइट्स लगाई गई हैं. ये स्टेडियम श्रीलंका का पांचवा ऐसा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बन गया है जिसमें अब दिन रात्रि के मैच आयोजित किए जा सकते हैं. इस मैदान पर सात फरवरी को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का पहला मैच खेला जाएगा.

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में लगें नए फ्लडलाइट्स

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब इस तरह से कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम, कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम, दांबुला के रंगिरि दांबुला स्टेडियम और हंबनटोटा के महिंदा राजपक्षे स्टेडियम की सूची में शामिल हो गया है. जहां अब अंतरराष्ट्रीय दिन रात्रि मैचों का आयोजन किया जा सकता है. एसएससी ने साल 1982 में श्रीलंका में खेले गए पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी की थी. यहां श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) का मुख्यालय भी है. श्रीलंका क्रिकेट के कोषाध्यक्ष सुजीवा गोदालियाड्डा ने पत्रकारों से कहा, ‘नई प्रकाश व्यवस्था अत्याधुनिक एलईडी तकनीक पर आधारित है और इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और प्रसारण की जरूरत के अनुरूप तैयार किया गया है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वेन्यू

भारत और श्रीलंका दोनों संयुक्त रूप से टी20 विश्व कप 2026 के मेजबान देश हैं. क्रिकेट के इस महाकुंभ के सभी मैच 8 स्टेडियम पर खेले जाएंगे. उन स्टेडियमों के नाम इस प्रकार हैं- मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, कोलकाता के ईडन गार्डन्स, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम, चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम, दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम, कोलंबो के दो वेन्यू प्रेमदासा स्टेडियम और सिंहली स्पोर्ट्स क्लब और कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में खेले जाएंगे. इस बार टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप

ग्रुप ए- भारत, पाकिस्तान, यूएसए, नीदरलैंड्स और नामीबिया

ग्रुप बी- ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान

ग्रुप सी- इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल और इटली

ग्रुप डी- न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई

Leave a Comment