टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का दमदार सफर… कब-कब जीता खिताब, क्या दोहराएंगे इतिहास?

ई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने एक बार फिर अपनी ताकत साबित कर दी है. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली.

भारत को जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य मिला था. मुकाबला आसान नहीं था, लेकिन टीम ने संयम बनाए रखा. संजू सैमसन ने शानदार नाबाद 97 रन बनाकर टीम को जीत की राह दिखाई. उनकी पारी की बदौलत भारत ने चार गेंद शेष रहते पांच विकेट से मैच अपने नाम कर लिया.

इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की दौड़ में बना हुआ है. अब टीम की नजर फाइनल पर है, लेकिन उससे पहले इंग्लैंड की चुनौती सामने है. यह वही टीम है जिसने 2022 में सेमीफाइनल में भारत को हराया था. इसलिए यह मुकाबला भावनात्मक रूप से भी अहम माना जा रहा है. टीम इस बार पिछली गलतियों से सबक लेकर मैदान में उतरेगी. कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम संतुलित नजर आ रही है.

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सेमीफाइनल सफर

2007 में शुरू हुए टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 2026 तक कुल दस संस्करण (2007, 2009, 2010, 2012, 2014, 2016, 2021, 2022, 2024, 2026) हो चुके हैं. भारत छह बार सेमीफाइनल में पहुंच चुका है- 2007, 2014, 2016, 2022, 2024 और 2026. इनमें से तीन बार टीम फाइनल (2007, 2014, 2024) तक पहुंची और दो बार खिताब जीता (2007 और 2024).

2007: महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता.

2014: भारत फाइनल तक पहुंचा, लेकिन श्रीलंका से हार गया.

2016: घरेलू मैदान पर टीम सेमीफाइनल तक पहुंची, लेकिन वेस्टइंडीज से हार गई.

2022: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हार गया.

2024: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की.

2026: सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम फिर एक बार सेमीफाइनल में पहुंची है.

अन्य टीमों का प्रदर्शन

भारत के अलावा पाकिस्तान (2007, 2009, 2010, 2012, 2021 और 2022) और इंग्लैंड (2010, 2016, 2021, 2022, 2024 और 2026) भी छह-छह बार सेमीफाइनल में पहुंचे हैं. इन तीनों टीमों का प्रदर्शन टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे स्थिर माना जाता है. इससे साफ है कि बड़े मुकाबलों में ये टीमें हमेशा मजबूत दावेदार रही हैं.

अब नजर फाइनल पर

भारत की मौजूदा फॉर्म और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास टीम के पक्ष में है. हालांकि इंग्लैंड मजबूत टीम है और बड़े मैचों में दबाव झेलना जानती है. ऐसे में सेमीफाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहने की उम्मीद है. अगर भारत यह बाधा पार कर लेता है, तो लगातार दूसरी बार फाइनल खेलने का मौका मिलेगा.

Leave a Comment