टी20 में इंग्लैंड ने ठोके 254 रन, हैरी ब्रूक ने तूफानी शतक जड़ रचा इतिहास

इंग्लैंड ने पहले टी20 मैच में श्रीलंका को 119 रनों से हरा दिया है. नाबाद 114 रनों की शतकीय पारी खेलने वाले कप्तान हैरी ब्रूक प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जबकि जोस बटलर ने भी 80 रन बनाकर खूब धमाल मचाया.

इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन बना डाले, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम महज 135 रनों पर ढेर हो गई. इंग्लैंड के सभी 6 गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट जरूर चटकाया.

हैरी ब्रूक ने रचा इतिहास

पहले जोस बटलर ने तबाही मचाई और 44 गेंद में 80 रन बना दिए. दूसरी ओर हैरी ब्रूक ने पहले 20 गेंदों में पचास रन पूरे किए और अगली 22 गेंदों में बाकी पचास रन पूरे किए. उन्होंने मात्र 42 गेंदों में शतक पूरा किया, जो टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड के लिए दूसरा सबसे तेज है. इंग्लिश टीम के लिए सबसे तेज शतक फिल साल्ट (39 गेंद) के नाम है. ब्रूक 49 गेंद में 114 रन बनाकर नाबाद लौटे और इस पारी में 19 चौके और 6 छक्के लगाए.

बटलर और ब्रूक के तूफान की बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में 254 रन बना डाले. यह साल 2026 में टी20 का पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है. जब श्रीलंकाई टीम 255 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करने आई तो सोनी बेकर ने श्रीलंका के टॉप ऑर्डर को तहस नहस कर दिया. देखते ही देखते 69 के स्कोर तक आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. 97 के स्कोर पर 8 विकेट गिर गए. आखिरी 2 विकेट ने 38 रन जरूर जोड़े, लेकिन यह श्रीलंका को 119 रनों की बड़ी हार से बचाने के लिए काफी नहीं था.

दूसरी सबसे बड़ी जीत

पहले टी20 मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 119 रनों से हराया. ICC के फुल मेंबर देशों की बात करें तो यह साल 2026 में किसी टीम की रनों की दूसरी सबसे बड़ी जीत है. इस साल सबसे बड़ी जीत भी इंग्लैंड के ही नाम है, जिसने जुलाई में भारत को 125 रनों के अंतर से हराया था.

अब सीरीज में इंग्लैंड ने 1-0 की बढ़त बना ली है और दूसरा टी20 मैच 17 सितंबर को कार्डिफ में खेला जाएगा. इस सीरीज में कुल 3 मुकाबले खेले जाने हैं और सीरीज का समापन 19 सितंबर को मैंचेस्टर में होगा. उसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी.

Leave a Comment