SRH vs LSG: आईपीएल 2026 के 10वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खराब शुरुआत की. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी SRH की टीम सिर्फ 29 रनों पर 4 विकेट गंवा बैठी.
मोहम्मद शमी ने अभिषेक शर्मा (0) और ट्रेविस हेड (7) को सस्ते में आउट कर दिया.
इसके बाद प्रिंस यादव ने कप्तान इशान किशन (1) को बोल्ड कर SRH को मुश्किल में डाल दिया. ऐसा लग रहा था कि हैदराबाद की पारी जल्दी सिमट जाएगी, लेकिन दो बल्लेबाजों ने कमाल कर दिखाया.
नीतीश कुमार रेड्डी का तूफानी अर्धशतक
मुश्किल हालात में क्रीज पर उतरे युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने लखनऊ के गेंदबाजों को जमकर जवाब दिया. उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. नीतीश ने 33 गेंदों पर 56 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 169.70 रहा. नीतीश ने हर तरफ शॉट लगाए और LSG के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. उनकी पारी की वजह से SRH की टीम लड़ने लायक स्कोर तक पहुंच सकी.
‘पुष्पा झुकेगा नहीं’ वाला जश्न
अर्धशतक पूरा करने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने फिल्मी अंदाज में जश्न मनाया. उन्होंने अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’ का फेमस डायलॉग “पुष्पा झुकेगा नहीं” स्टाइल में सेलिब्रेशन किया. स्टेडियम में मौजूद दर्शक इस आक्रामक जश्न पर खूब झूमे. नीतीश का यह पुष्पा स्टाइल सेलिब्रेशन तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
क्लासेन ने दिखाई अपनी क्लास
नीतीश को अच्छा साथ दिया हेनरिच क्लासेन ने. साऊथअफ्रीकी बल्लेबाज ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की और 33 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. क्लासेन ने 41 गेंदों पर 62 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे. दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की मजबूत साझेदारी की.
इस साझेदारी ने SRH को संभाला और टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 156 रनों तक पहुंच गई. क्लासेन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मध्यक्रम में वे मैच का रुख बदलने वाले खिलाड़ी हैं.
SRH की वापसी
शुरुआत में 4 विकेट महज 29 रन पर गिरने के बाद नीतीश रेड्डी और हेनरिच क्लासेन की जोड़ी ने SRH को मुश्किल से बाहर निकाला. दोनों की आक्रामक पारी की वजह से लखनऊ सुपर जायंट्स को अब 157 रनों का लक्ष्य मिला है.
नीतीश का ‘पुष्पा’ वाला भौकाल और क्लासेन की क्लास वाली बल्लेबाजी इस मैच की सबसे बड़ी बात रही. अब देखना होगा कि LSG इस चुनौतीपूर्ण स्कोर का पीछा करते हुए कितना सफल होता है.