टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैच में भारत को इंग्लैंड से लोहा लेना है और इस मुकाबले से पहले बॉलिंग कोच मॉर्ने मॉर्कल ने कहा है कि अब टीम इंडिया को इस मैच को जीतने पर ध्यान देना होगा और अब यही मायने रखता है. टी20 वर्ल्ड कप के डिफेंडिंग चैंपियन भारत को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन टूर्नामेंट में अब तक उसका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है. वेस्टइंडीज के खिलाफ उसे करो या मरो की स्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन उसने किसी तरह जीत हासिल कर ली और अब उसे इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम से सेमीफाइनल में भिड़ना है. मॉर्ने मॉर्कल भी जानते हैं कि इंग्लैंड खतरनाक टीम है और उसके खिलाफ जीत हासिल करना इतना आसान नहीं रहने वाला.
इंग्लैंड से जीतना इतना आसान नहीं…
मॉर्ने मॉर्केल ने मुंबई में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘ इंग्लैंड अच्छी टीम हैं, वो अच्छा खेलती है. अगर आप उम्मीद करते हैं कि हम इंग्लैंड को 120 या 150 रन पर आउट कर देंगे तो ऐसी उम्मीद करना सही नहीं है. हम सेमीफाइनल में हैं और जीत हासिल करके ही यहां पहुंचे हैं. हम जानते हैं कि भारत में जीत-हार का अंतर बहुत कम होता है.’ भारतीय गेंदबाजी कोच ने कहा, ‘ये मायने नहीं रखता कि आप सेमीफाइनल तक कैसे पहुंचते हैं. मायने ये रखता है कि आप अगले दो मैचों में कैसा प्रदर्शन करने वाले हैं.’
जीत की कोई गारंटी नहीं…
मॉर्कल ने कहा, ‘हमने परफेक्ट मैच के बारे में बात नहीं की है. हमारी टीम टैलेंटेड है और जरूरत पड़ने पर कोई भी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है. हमें उम्मीद है कि आखिरी दो मैच में भी हम अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे. हम सभी जानते हैं कि खेल कैसे चलता है और इसमें सफलता की कोई गारंटी नहीं होती है. लेकिन हमें मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौका मिलता है और हमारा यही लक्ष्य है. इंग्लैंड के खिलाफ हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है. मुझे उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी अपनी रणनीति पर अमल कर अच्छा नतीजा हासिल करेंगे.’
इ्ंग्लैंड की टीम है खतरनाक
साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मॉर्ने मॉर्कल ने कहा कि पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ मिली जीत अब मायने नहीं रखती और फिलहाल ये टीम बेहद खतरनाक है. मोर्केल ने कहा, ‘इंग्लैंड की टीम बेहद चालाक है उसकी टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उनकी बल्लेबाजी में गहराई है जिससे वह एक बहुत ही खतरनाक टीम बन जाती है. मॉर्कल ने आगे कहा, ‘गेंदबाजी में उनके पास कई विकल्प हैं. मुझे लगता है कि जिस तरह से वे टी20 मैच खेलते हैं, जिस तरह से वे निडर होकर मैच को अपने पक्ष में करने की कोशिश करते हैं, उससे उन्हें मौके मिलेंगे और यही बात उन्हें एक खतरनाक टीम बनाती है. मुझे लगता है कि गुरुवार को दो आक्रामक टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होगा.’