जसप्रीत बुमराह को क्यों रणजी ट्रॉफी में उतारना चाहती है BCCI? जान लीजिए वजह

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 13 सितंबर को वापसी कर सकते हैं। सिलेक्टर्स ने उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम में चुना है।

हालांकि, उन्हें अभी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लियरेंस मिलना है, लेकिन संभावना यह है कि वे फिट हो जाएंगे और इस सीरीज में खेलेंगे, लेकिन इस बीच एक बड़ी रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें कहा गया है कि न्यूजीलैंड के दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने के लिए उन्हें घर पर एक रणजी मैच या फिर न्यूजीलैंड में इंडिया ए के लिए फर्स्ट क्लास मैच खेलना होगा।

आपको बता दें, जसप्रीत बुमराह ने पिछले साल नवंबर में आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इसके बाद से वे सिर्फ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट या फिर आईपीएल में ही नजर आए थे। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह जरूर मिली थी, लेकिन दो मैचों के बाद वे चोटिल हो गए थे। ऐसे में फुल फिटनेस हासिल करने के बावजूद उन्हें टेस्ट टीम में नहीं रखा जाएगा। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो उन्हें एक फर्स्ट क्लास मैच खेलना होगा और रेड बॉल गेम के लिए मैच फिटनेस साबित करनी होगी।

घुटने की इंजरी से परेशान थे जसप्रीत बुमराह

इस पूरे मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने कहा, “अभी तो, उन्हें अपनी फिटनेस की वजह से टेस्ट मैच छोड़ने पड़ रहे हैं। न्यूजीलैंड में टेस्ट में मैदान पर उतरने से पहले यह साफ होना चाहिए कि उनका घुटना फर्स्ट-क्लास गेम का लोड झेल सकता है। यह देखना होगा कि वह न्यूजीलैंड में इंडिया ‘A’ के लिए खेलेंगे या रणजी ट्रॉफी गेम खेलेंगे या कोई फर्स्ट-क्लास गेम। अक्टूबर में घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ T20I सीरीज के लिए उन्हें आराम दिया जा सकता है, लेकिन न्यूज़ीलैंड में ‘A’ गेम वहां ODI सीरीज के साथ ओवरलैप होंगे।”

ऐसे में संभावना है कि जसप्रीत बुमराह शायद वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड में खेलेंगे और वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज मिस करेंगे। इस बीच वे रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आ सकते हैं, क्योंकि अगले महीने से रणजी ट्रॉफी के 2026-27 के सीजन की शुरुआत होने वाली है। न्यूजीलैंड की सीरीज भारत के लिए बहुत ज्यादा अहम है। अगर एक भी टेस्ट न्यूजीलैंड में भारत हारता है तो फिर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। अभी भी भारतीय टीम डब्ल्यूटीसी की पॉइंट्स टेबल में टॉप 2 के आसपास भी नहीं है।

Leave a Comment